फर्रुखाबाद । थाना कमालगंज क्षेत्र में मंगलवार को विद्यालय में प्रार्थना के बाद तीन छात्र गश खा कर गिर गए। इनमें एक छात्रा को खून की उल्टी हुई और उसकी मौत हो गई। छात्रा राधिका (14) थाना कमालगंज के ग्राम खुदागंज निवासी अजय प्रताप की पुत्री थी। वह ब्लाॅक कमालगंज के ग्राम पहला स्थित एसडी इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। कॉलेज में मंगलवार सुबह राष्ट्रगान हो रहा था, उसी दौरान खुदागंज निवासी अवधेश प्रजापति की पुत्री टीना एवं उपदेश शर्मा का पुत्र अमित चक्कर आने पर दोनों छात्र जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए।
जब राधिका प्रार्थना करके क्लास में जा रही थी तभी रास्ते में उसे उल्टी होने लगी। जब तक कॉलेज के शिक्षक कुछ समझ पाते, तभी छात्रा को खून की उल्टियां भी हुई। शिक्षक मनोज और राधिका को लेकर अस्पताल गए और परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई। इस बीच राधिका ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। छात्रा की मौत की जानकारी मिलते ही काॅलेज के छात्रों में हड़कंप मच गया। छात्रा की मौत पर कॉलेज में 2 मिनट के मौन धारण के बाद छात्रों की छुट्टी कर दी गई।
काॅलेज के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह यादव ने बताया की छात्रा राधिका की मौत से कालेज के शिक्षक और छात्र काफी दुखी है। कॉलेज के सभी शिक्षक राधिका के घर उसके परिजनों को सांत्वना देने जाएंगे। दुख की घड़ी में हम सब लोग बिटिया के परिवार के साथ हैं। परिजनों ने छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराए जाने से मना कर दिया है। समझा जाता है की भयंकर गर्मी के कारण छात्रों की हालत खराब हुई है।(हि.स.)



