
कोलकाता । पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित कोयला तस्करी मामले में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की पत्नी रूजीरा से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने सात घंटे पूछताछ की है। एक तरफ अभिषेक बनर्जी कोलकाता से रवाना होकर त्रिपुरा में अपने राजनीतिक कार्यक्रम के तहत लैंड हुए थे तो दूसरी ओर सुबह 11:30 बजे के करीब कालीघाट इलाके के हरिश चटर्जी स्ट्रीट पर स्थित उनके आवास शांतिनिकेतन में सीबीआई अधिकारियों की आठ सदस्यीय एक टीम पहुंची।
केंद्रीय एजेंसी के एक सूत्र ने बताया है कि डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक की पत्नी के बैंक अकाउंट में हुए करोड़ों रुपये के लेनदेन के बाबत उनसे पूछताछ की गई है। हाई कोर्ट के निर्देश पर पश्चिम बंगाल में कोयला तस्करी मामले की जांच कर रही सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि कोयला तस्करी के मास्टरमाइंड अनूप मांझी उर्फ लाला ने अरबों रुपये हवाला और विदेशी अकाउंट के जरिए भेजा है। रूजीरा का बैंक खाता सिंगापुर में है जिसमें असामान्य लेनदेन हुआ है। इस बात के भी प्रमाण मिले हैं कि लाला के संबंध बनर्जी से रहे हैं। इसलिए रूजीरा के अकाउंट में हुए लेनदेन के बारे में उनसे पूछताछ की गई है। रात 7:30 बजे के करीब सीबीआई की टीम वहां से बाहर निकली है।
इसके पहले फरवरी 2021 में उनसे करीब चार घंटे तक सीबीआई की टीम ने पूछताछ की थी। उल्लेखनीय है कि इसके पहले ईडी ने भी इस मामले में पूछताछ के लिए रूजीरा को कई बार दिल्ली तलब किया लेकिन वह नहीं गई थीं। इसके बाद उन्हें सोमवार को पत्र भेजकर पूछा गया था कि आपसे पूछताछ करने के लिए अधिकारी आपके घर कब आ सकते हैं?
पत्नी रूजीरा से पूछताछ करने अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची सीबीआई की टीम
कोयला और मवेशी तस्करी मामले में कथित तौर पर वित्तीय हेरफेर में संलिप्त रहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की पत्नी रूजीरा बनर्जी से पूछताछ करने सीबीआई की टीम उनके घर पहुंच गई हैं। मंगलवार सुबह 11:30 बजे के करीब सीबीआई की टीम कोलकाता के भवानीपुर इलाके में स्थित अभिषेक के आवास शांतिनिकेतन पहुंची है।
एक दिन पहले ही उन्हें पत्र भेजकर सीबीआई के अधिकारियों ने जानना चाहा था कि आखिर उनसे कब पूछताछ की जा सकती है। सीबीआई के साथ ईडी की टीम भी घटना की जांच कर रही है। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के साथ उनकी पत्नी को भी कई बार दिल्ली तलब किया गया लेकिन वह नहीं गईं जिसके बाद उनसे घर पर पूछताछ की योजना बनाई गई है।
सीबीआई सूत्रों ने बताया है कि तस्करी से हासिल हुई करोड़ों रुपये की आय का बड़ा हिस्सा विदेश भेजा जा चुका है। इसमें अभिषेक बनर्जी की पत्नी का सिंगापुर का बैंक खाता भी कथित तौर पर इस्तेमाल हुआ है। इसी बारे में उनसे पूछताछ की जानी है। खास बात यह है कि आज ही अभिषेक बनर्जी को त्रिपुरा रवाना होना है। उसके पहले अभिषेक बनर्जी की पत्नी से सीबीआई की यह पूछताछ निश्चित तौर पर ममता बनर्जी के परिवार को असहज करने वाला है।(हि.स.)



