State

छिंदवाड़ा में जुमे की नमाज के बाद सड़क पर उतरे मुस्लिम, जमकर की नारेबाजी

छिंदवाड़ा । निलंबित भाजपा नेता नुपूर शर्मा और नवीन जिंदल की पैगम्बर मोहम्मद पर टिप्पणी से देश भर में बवाल मचा हुआ है। कई शहरों में मुस्लिम धर्मावलम्बियों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। शुक्रवार को इसकी बानगी मध्य प्रदेश में भी देखने को मिली। यहां छिंदवाड़ा जिला मुख्यालय पर जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करते हुए नुपूर शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर नुपूर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मध्य प्रदेश में अब तक नुपूर शर्मा की टिप्पणी को लेकर छिटपुट बयानबाजी को छोड़कर कहीं भी प्रदर्शन नहीं हुआ था, लेकिन शुक्रवार को छिंदवाड़ा में जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग सड़क पर उतर आए। उन्होंने पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी को लेकर नुपूर शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर नुपूर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नुपूर शर्मा के बयान के विरोध में राज टॉकीज से फव्वारा चौक तक रैली निकाली और जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे बैरिकेड्स हटाकर आगे बढ़ गए।

मुस्लिम धर्मावलम्बियों ने फव्वारा चौक पर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अंजुमन कमेटी द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि भाजपा के दोनों नेताओं पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ टिप्पणी की थी, जिससे मुस्लिम भावनाओं को ठेस पहुंची है। कमेटी ने मांग की है कि दोनों नेताओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।

जिला प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को राज टॉकीज, आजाद चौक से प्रेस कॉम्प्लेक्स तक रैली निकालकर ज्ञापन देने की अनुमति दी थी। साथ ही इसे लेकर पुलिस प्रशासन ने यहां बैरिकेड्स की व्यवस्था भी की थी, लेकिन में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए और उन्होंने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ दिया और फव्वारा चौक तक रैली निकाली और जमकर नारेबाजी की बाद में फव्वारा चौक पर जाकर राष्ट्रपति के नाम पर ज्ञापन सौंपा।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button