
कानपुर । कानपुर में भड़की हिंसा के मास्टर माइंड हयात जफर हाशमी और तीन अन्य आरोपितों को रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच यहां की एक अदालत में पेश किया गया। अदालत ने चारों आरोपितों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
अदालत में सुनवाई के दौरान आईपीएस अधिकारी अजयपाल शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि अदालत ने चारों आरोपितों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। इसके बाद सभी आरोपितों को जिला कारागार भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि हम जल्द ही अदालत से आरोपितों की रिमांड की मांग करेंगे, ताकि उनसे हिंसा की तैयारियों, फंडिंग, पीएफआई कनेक्शन और अन्य बिंदुओं पर पूछताछ की जा सके।
सपा का कनेक्शन आया सामने, नगर सचिव रह चुका है नामजद निजाम कुरैशी
कानपुर हिंसा मामले में आरोपी निजाम कुरैशी सपा से भी जुड़ा हुआ है। पूर्व में वह नगर सचिव भी रह चुका है और सपा के वर्तमान तीनों विधायकों के साथ उसकी फोटो भी है। बाजार बंदी कर हिंसा भड़काने में उसने अपनी संस्था के जरिये बढ़-चढ़कर भाग लिया था। बेकनगंज में हुए बवाल को लेकर पुलिस ने अब तक 36 लोगों को नामजद किया है। इनमें मुख्य आरोपी मौलाना मोहम्मद अली जौहर फैंस एसोसिएशन का प्रमुख हयात जफर हाशमी है। इसके अलावा 35 अन्य में ऑल इंडिया जमीअतुल कुरैशी एक्शन कमेटी का निजाम कुरैशी है।
इसने अपनी संस्था के जरिये तीन जून को बाजार बंद करने का आह्वान किया था। बाजार बंदी को लेकर प्रचार प्रसार भी किया था। निजाम कुरैशी को लेकर अब नया मोड़ सामने आ गया है। बताया जा रहा है कि वह सपा से भी जुड़ा हुआ है। सपा में पूर्व में नगर सचिव भी रह चुका है। उसकी फोटो वर्तमान सपा के तीनों विधायकों क्रमश: इरफान सोलंकी, अमिताभ बाजपेई और हसन रुमी के साथ सामने आईं हैं। मुख्य आरोपी के साथ भी निजाम की कई फोटो सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं। पुलिस इस दिशा में भी जांच करने में जुट गई है।
पीएफआई कनेक्शन
पुलिस आयुक्त विजय सिंह मीना ने बताया कि मुख्य आरोपी हयात जफर हाशमी के यहां से अहम दस्तावेज मिले हैं। इन दस्तावेजों में कुछ दस्तावेज पीएफआई से जुड़े हैं। बताया कि आरोपी के घर लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर से छेड़छाड़ की गई है। व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम खंगालने पर भी साक्ष्य मिले हैं। कहा कि साक्ष्य मिटाने वालों को भी नहीं छोड़ा जाएगा। पत्थरबाजों को चिन्हित किया जा रहा है और जल्द ही उनके पोस्टर जारी कर दिये जाएंगे।
पांच और गिरफ्तार
पुलिस आयुक्त ने बताया कि हिंसा मामले में रविवार को पांच और आरोपियों गिरफ्तार किया गया है। इस प्रकार अब तक कुल 29 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें बराबर दबिश दे रही हैं।
पैगंबर पर टिप्पणी मामले में कतर ने भाजपा नेताओं के निलंबन का किया स्वागत
कतर के विदेश मंत्रालय ने रविवार को भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल को तलब किया और उन्हें पैगंबर के खिलाफ भाजपा प्रवक्ता के बयान पर एक आधिकारिक नोट सौंपा। इसमें कहा गया कि कतर सत्ताधारी दल (भाजपा) के एक कार्यकर्ता की विवादास्पद टिप्पणियों को पूर्ण रूप से अस्वीकार करता है और उसकी निंदा करता है। साथ ही इसमें भाजपा की ओर से पार्टी नेताओं के निलंबन का स्वागत किया गया है।
कतर का यह बयान ऐसे समय में आया है जब उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू कतर की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इसी संदर्भ में कतर में भारतीय दूतावास ने एक बयान जारी किया है। बयान में कहा गया है कि भारत-कतर संबंध को नापसंद करने वाले कुछ निहित स्वार्थी तत्व इन अपमानजनक टिप्पणियों का उपयोग करके लोगों को उकसा रहे हैं। हमें ऐसे शरारती तत्वों के खिलाफ मिलकर काम करना चाहिए, जिनका लक्ष्य दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों की ताकत को कम करना है।
इसमें कहा गया है कि भारतीय राजदूत ने इस संदर्भ में चिंता व्यक्त करते हुए विदेश कार्यालय में एक बैठक की है। राजदूत ने बताया कि ट्वीट किसी भी तरह से भारत सरकार के विचारों को नहीं दर्शाते हैं। हमारी सभ्यतागत विरासत और विविधता में एकता की मजबूत सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप भारत सरकार सभी धर्मों को सर्वोच्च सम्मान देती है। अपमानजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ पहले ही कड़ी कार्रवाई की जा चुकी है।उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी ने पैगंबर मोहम्मद पर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने को लेकर पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा को निलंबित कर दिया है। वहीं, दिल्ली प्रदेश मीडिया प्रभारी नवीन जिंदल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।



