State

जहांगीरपुरी हिंसा: फायरिंग के आरोपी सहित 20 गिरफ्तार,गाजियाबाद पुलिस सतर्क

बॉर्डर इलाकों में अधिकारियों का डेरा, संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी.माहौल खराब करने का प्रयास किया तो होगी सख्त करवाई : मुनिराज

नई दिल्ली । उत्तर -पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती पर हुई हिंसा के मामले में पुलिस दल पर गोलीबारी के आरोपी समेत 20 लोग रविवार को गिरफ्तार कर लिए गए जबकि अन्य की पहचान की जा रही है।दिल्ली पुलिस का कहना है कि हिंसा मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर जांच की जा रही है। शुरुआती जांच के बाद 20 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।पुलिस का दावा है कि गोलीबारी करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से हिंसा में इस्तेमाल की गई एक पिस्तौल बरामद की गई है।गिरफ्तार आरोपियों 14 लोगों को रोहिणी अदालत में पेश किया गया, जहां 12 न्यायिक तथा दो पुलिस हिरासत भेज दिए गए।

पुलिस का कहना है कि कड़ी सुरक्षा निगरानी के बीच इलाके में स्थिति नियंत्रण में है। स्थानीय पुलिस कर्मियों के अलावा केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।पुलिस के कई आला अधिकारी दोनों समुदायों के लोगों के साथ बैठ कर स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।स्थानीय पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन की ओर से दर्ज प्राथमिकी में आठ पुलिसकर्मियों समेत नौ लोगों के घायल होने का उल्लेख किया गया है। घायलों में उप निरीक्षक मेदालाल शामिल है। उनके बायें हाथ में गोली लगी है। प्रारंभिक इलाज के बाद वह अपने घर लौट गए। घायलों का इलाज जहांगीरपुरी के बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल में किया जा रहा है।

प्राथमिकी के मुताबिक, आरोपियों में अख्तर अंसार एवं अन्य शामिल हैं। प्राथमिकी में घटनास्थल पर एक स्कूटी को जलाने समेत चार- पांच गाड़ियों में तोड़फोड़ करने का जिक्र किया गया है। इसके अलावा उपद्रवियों को काबू में करने के लिए 40-50 राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े जाने की जानकारी दी गई है।प्राथमिकी के मुताबिक, शनिवार शाम जहांगीरपुरी ईई ब्लॉक से शोभा यात्रा की शुरुआत हुई थी। शोभा यात्रा के बीसी मार्केट होते हुए सी ब्लॉक पहुंची तो एक मस्जिद के पास अख्तर अंसार एवं अन्य चार पांच युवकों के साथ शोभायात्रा में चल रहे लोगों के बीच कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कर दिया लेकिन थोड़ी देर के बाद दोनों ओर अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसमें पुलिसकर्मी समेत अन्य लोग घायल हो गए।

जहांगीरपुरी में बवाल के बाद गाजियाबाद पुलिस सतर्क

गाजियाबाद, । दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में हुए बवाल के बाद गाजियाबाद पुलिस सतर्क हो गई है। गाजियाबाद में अमन चैन कायम रहे और जहांगीरपुर का कोई असर ना आए इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन के टीमें सक्रिय हो गई हैं। बॉर्डर इलाके में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। इतना ही नहीं ड्रोन से भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज ने बताया कि शनिवार को जहांगीरपुरी में बवाल के बाद पुलिस महानिदेशक के दिशा-निर्देशों के आलोक में जिले में न केवल रेड अलर्ट जारी किया गया है बल्कि पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद हो गई है। दिल्ली से सटे इलाकों में किसी तरह का कोई असामाजिक तत्व सक्रिय न हो इस पर नजर रखी जा रही है।

उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक नगर (द्वितीय) ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक ( ग्रामीण ) डॉ. इरज राजा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लगातार बॉर्डर इलाके में भ्रमण कर रहे हैं। वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इसके अलावा ऐसे में सोशल मीडिया पर भी असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं और वह अफवाह फैलाकर माहौल को खराब करने की कोशिश करते हैं। इसके मद्देनजर सोशल मीडिया, फेसबुक, वाट्सअप आदि पर भी नजर रखी जा रही है और आईटी सेल को सक्रिय कर दिया गया है।

मुनिराज ने बताया कि संदिग्ध इलाकों में ड्रोन से भी असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है और यदि कोई प्रकाश में आता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे जिले में शांति कायम रखें जिसने भी गड़बड़ी करने की कोशिश की उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button