
अयोध्या । नव संवत्सर चैत्र नवरात्रि के प्रारम्भ होने पर शनिवार को श्रीराम जन्मभूमि स्थल पर निर्माणाधीन राम मंदिर के गर्भगृह पर विधि-विधान से पूजा पाठ के बाद नवीन श्रीराम ध्वजा फहराई गयी। यह जानकारी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने दी है।इस अवसर पर कारसेवक पुरम स्थित वेद विद्यालय के आचार्य नारद भट्टराई व इन्द्रदेव मिश्र ने पूजा पाठ करवाया। इस अवसर पर मंदिर निर्माण में लगी कंपनी के इंजीनियर व मजदूर उपस्थित रहे।
चैत्र रामनवमी पर अयोध्या में देश-विदेश के श्रद्धालु आते हैं। पूरे नवरात्रि भर अयोध्या श्रद्धालुओं से भरी रहती है। चैत्र रामनवमी के दिन कनक महल का राम जन्मोत्सव देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या आते हैं।अयोध्या में प्रतिवर्ष नवसंवत्सर की पूर्व संध्या पर शोभायात्रा निकाली जाती है। इसमें अयोध्या के नागरिक के साथ-साथ बड़ी संख्या में साधु-संत शामिल होते हैं। शुक्रवार को यात्रा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झण्डी दिखाकर रवाना किया था।




