
बीरभूम नरसंहार : सीबीआई ने गिरफ्तार 11 आरोपितों को एक साथ बैठाकर की पूछताछ
सीबीआई टीम को डरा रही हैं सीएम ममता बनर्जी : अधीर रंजन चौधरी
- सीबीआई ने निलंबित एसडीपीओ और थाना प्रभारी को समन भेजा
- जांच टीम की सुरक्षा के लिए अर्धसैनिक बलों के 35 जवानों की तैनाती
कोलकाता । पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला अंतर्गत रामपुरहाट ब्लाक के बगटुई गांव में नौ लोगों को जिंदा जलाए जाने की घटना में कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के बाद जांच में जुटी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने आरोपितों से पूछताछ शुरू कर दी है। सीबीआई अधिकारियों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अर्धसैनिक बलों के 35 जवानों की तैनाती की है।
केंद्रीय एजेंसी की 30 सदस्यीय जांच टीम ने रामपुरहाट में अस्थाई कैंप बनाए हैं। यहां इस मामले में गिरफ्तार 11 आरोपितों को अपनी हिरासत में लेकर सीबीआई की टीम ने सोमवार को एक साथ पूछताछ शुरू की है। वारदात में अपने पूरे परिवार को खोने वाले मिहिलाल शेख, गिरफ्तार किए गए तृणमूल के रामपुरहाट ब्लॉक अध्यक्ष अनारूल हुसैन सहित सात लोगों को सोमवार को कैंप लाकर उनसे सवाल-जवाब किये गए। पहले से गिरफ्तार लालन शेख और आजाद शेख से भी पूछताछ हुई है। आरोप है कि इन दोनों ने आगजनी में बड़ी भूमिका निभाई थी।
केंद्रीय एजेंसी के सूत्रों ने बताया है कि घटना में रामपुरहाट के निलंबित एसडीपीओ और थाना प्रभारी को समन किया गया है। आरोप है कि भादू शेख पर बमबारी के बाद उनकी मौत होते ही तनाव पसरने लगा था लेकिन पुलिस ने शांति सुनिश्चित करने के लिए कुछ भी नहीं किया। इसलिए इन दोनों अधिकारियों को कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड किया गया है। हिंसा की जानकारी मिलने के बावजूद पुलिस ने मौके पर पहुंचने और कार्रवाई करने में लापरवाही बरती क्योंकि उन पर राजनीतिक दबाव बनाया गया था। इसलिए माना जा रहा है कि थाना प्रभारी और एसडीपीओ को सीबीआई गिरफ्तार भी कर सकती है।(हि.स.)
सीबीआई टीम को डरा रही हैं सीएम ममता बनर्जी : अधीर रंजन चौधरी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बीरभूम हत्याकांड में छानबीन करने गई केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) की टीम को डराने की कोशिश कर रही हैं। चौधरी ने सीएम ममता बनर्जी के उस बयान पर विरोध जताया जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर सीबीआई भाजपा के इशारों पर जांच को अंजाम देगी तो उनकी पार्टी सीबीआई का विरोध करेगी।चौधरी ने सोमवार को दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि किसी मुख्यमंत्री को ऐसी भाषा नहीं बोलनी चाहिए। कांग्रेस ने भी कोर्ट में सीबीआई की देख रेख में जांच कराने की मांग की थी।
उल्लेखनीय है कि 21 मार्च को कुछ अज्ञात लोगों ने बीरभूम जिले के रामपुर हाट में दस घरों में आग लगा कर कथित तौर पर महिला और बच्चों सहित आठ लोगों को जिंदा जला दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। जिसके बाद सीबीआई ने जांच शुरु कर दी है। लेकिन इसी बीच राज्य की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि अगर सीबीआई भाजपा के निर्देशों का पालन करते हुए जांच करेगी तो वह इसका विरोध करेंगी।



