State

केजरीवाल का पंजाब के विधायकों को फरमान, रहेगी हमारी नजर

नई दिल्ली । पंजाब में मान सरकार की कैबिनेट गठन के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने पंजाब के सभी विधायकों को फरमान जारी किया है। अरविन्द केजरीवाल ने सभी विधायकों को एक टीम की तरह काम करने को कहा है। केजरीवाल ने कहा, ‘भगवंत मान आपके टीम लीडर हैं, ऐसे में सभी विधायकों को एकजुट होकर बड़े लक्ष्य को पूरा करना है। जो टारगेट नहीं पूरा करेगा उस पर हमारी नजर रहेगी।’

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आजादी के बाद से 70 साल के ऊपर हो गया, लेकिन आज तक पंजाब उस तरह आगे नहीं बढ़ा जैसा होना चाहिए था। इसलिए पंजाब के विधायकों पर प्रदेश की जनता की सभी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने की बड़ी जिम्मेदारी है। केजरीवल ने कहा, ‘समय कम है इसलिए सभी को दिन में 24-24 घंटे काम करना होगा ताकि जनता से किए गए वायदों को निभाया जा सके। भगवंत मान आपके कैप्टन यानी टीम लीडर हैं ऐसे में सभी को अपना टारगेट पूरा करना जरूरी होगा।

केजरीवाल ने कहा कि ऐसी खबरें हैं कि कुछ लोग मंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज हैं इस पर मेरा ये कहना है कि पंजाब के सभी मंत्रियों का चयन सोच समझकर हुआ है हमारे 92 विधायक हैं और मंत्री बस गिने चुने ही बन सकते हैं ऐसे में आपको एकजुट होकर काम करने की जरूरत है मान साहब का पूरी मजबूती से साथ देने की जरूरत है आपमें से कई लोग पहली बार चुनकर आए हैं आपमें से बहुत से लोगों ने क्या कभी सोचा था कि जिंदगी में कभी विधायक बनेंगे ऐसे में किसी दूसरे को कुछ भी कहने का मौका नहीं देना है सभी को मिलजुल कर इतना अच्छा काम करना है कि हर विधायक अपने हलके के लोगों के दिलों पर राज करे।

अरविंद केजरीवाल ने ये भी कहा कि सभी 92 विधायकों को पूरी इमानदारी से काम करते हुए ट्रांसफर पोस्टिंग जैसी चीजों में दिलचस्पी दिखाने के बजाए अपने इलाके की जनता के दुख दूर करने के साथ उनके काम पूरा कराने पर फोकस करना होगा।

आम आदमी पार्टी के सर्वोच्च नेता अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘किसी भी विधायक या मंत्री को भी घमंड करने की जरूरत नहीं है कि वो विधायक बनने या मंत्री बनने के लिए ही पैदा हुए हैं ऐसा घमंड करने वालों को जनता छोड़ती नहीं है। इस बार भी जनता ने बड़े बड़ों को जनता ने कुर्सी से हटा दिया। ऐसे में सिर्फ काम पर फोकस करना होगा। मुख्यमंत्री मान चंडीगढ़ में बैठने के बजाए घूम घूम कर जनता की सेवा के कामों को करते हुए सभी चीजों पर नजर रखेंगे। ऐसे में सभी को उनका हाथ बटाना होगा नहीं तो जनता कहीं अगली बार हमें यानी आप सब को ही न हटा दे।’(वीएनएस)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button