Business

सरकार ने एंकोरेज इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट होल्डिंग में 15,000 करोड़ के FDI निवेश प्रस्ताव को दी मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने बुधवार को मेसर्स एंकोरेज इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट होल्डिंग लिमिटेड में 15,000 करोड़ रुपए तक के निवेश से जुड़े प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

मेसर्स एंकोरेज इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट होल्डिंग लिमिटेड क्या है ?

मेसर्स एंकोरेज इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट होल्डिंग लिमिटेड विशेष रूप से बुनियादी ढांचे और विनिर्माण-विकास के क्षेत्रों में निवेश करने के लिए शुरू की गई एक भारतीय निवेश होल्डिंग है। इसके कार्यक्षेत्र में एयरपोर्ट सेक्टर और विमानन संबंधी व्यवसायों एवं सेवाओं में डाउनस्ट्रीम निवेश के साथ–साथ परिवहन और लॉजिस्टिक्स आदि से जुड़े क्षेत्र शामिल हैं।

किन कंपनियों का है निवेश ?

इस प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में एंकोरेज को बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के शेयर का हस्तांतरण और मेसर्स एंकोरेज इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट होल्डिंग लिमिटेड में 2726247 ओंटारियो इंक द्वारा 950 करोड़ रुपए का निवेश भी शामिल है। 2726247 ओंटारियो इंक ओएसी की पूर्ण स्वामित्व वाली एक सहायक कंपनी है। ओएसी कनाडा की सबसे बड़ी निश्चित लाभ वाली पेंशन योजनाओं में से एक ओमेर्स की प्रशासक है।

एयरपोर्ट सेक्टर को मिलेगा बहुत बड़ा बढ़ावा

सरकार के अनुसार इस निवेश से बुनियादी ढांचे और विनिर्माण क्षेत्र के साथ-साथ एयरपोर्ट सेक्टर को भी बहुत बड़ा बढ़ावा मिलेगा। यह निवेश निजी भागीदारी के माध्यम से विश्व स्तरीय हवाई अड्डों और परिवहन संबंधी बुनियादी ढांचे को विकसित करने की भारत सरकार की योजना को काफी हद तक पुष्ट करेगा।

राष्ट्रीय मुद्रीकरण पाइपलाइन (एनएमपी) को भी महत्वपूर्ण बढ़ावा

इस निवेश से हाल ही में घोषित राष्ट्रीय मुद्रीकरण पाइपलाइन (एनएमपी) को भी महत्वपूर्ण बढ़ावा मिलेगा। इस कदम से राज्य के स्वामित्व वाले बुनियादी ढांचे की परिसंपत्तियों को निजी ऑपरेटरों को पट्टे पर देकर राजस्व कमाने में मदद मिलेगी। इसमें सड़कों, रेलवे, हवाई अड्डों, खेल स्टेडियमों, बिजली पारेषण लाइनों और गैस पाइपलाइन जैसी परिसंपत्तियों की देखभाल करना शामिल है।

रोजगार का होगा सृजन

मेसर्स एंकोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट होल्डिंग लिमिटेड राष्ट्रीय मुद्रीकरण पाइपलाइन (एनएमपी) के तहत आने वाले कुछ क्षेत्रों में डाउनस्ट्रीम निवेश करने का प्रस्ताव कर रहा है। इस निवेश से प्रत्यक्ष रोजगारों का सृजन भी होगा। मेसर्स एंकोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट होल्डिंग लिमिटेड जिन क्षेत्रों में डाउनस्ट्रीम निवेश करने का प्रस्ताव कर रहा है, वे पूंजी और रोजगार प्रधान क्षेत्र हैं। यह निवेश विनिर्माण और उससे जुड़ी सहायक गतिविधियों के क्रम में अप्रत्यक्ष रोजगार भी पैदा करेगा।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button