पहले नेताओं को जेल में डालना फिर पीएमओ में शामिल करना, उनकी कश्मीर नीति : सिब्बल
कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने प्रधानमंत्री मोदी पर साधा निशाना
नई दिल्ली । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट कर लिखा पीएम मोदी की कश्मीर नीति पीडीपी के साथ सहयोग, गठबंधन तोड़ना, राज्यपाल शासन लागू करना, कोई चुनाव न कराना और नेताओं को जेल में डालना और फिर उन्हें पीएमओ में शामिल करना।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने राज्य को दो भागों में बांटा, धारा 370 को खत्म किया, संसद में कई वादे किए, कई नेताओं को जेल में डाला। उनका एजेंडा है कि मतदान पहले और राज्य का दर्जा बाद में मिले। उनका ये ट्वीट कश्मीर को लेकर पीएम मोदी की बैठक के बाद आया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों के प्रमुखों के साथ सर्वदलीय बैठक की थी। जम्मू-कश्मीर में राजनीतिक अनिश्चितता के माहौल को दूर करने की कोशिश में होने जा रही इस बैठक को लोकतांत्रिक दृष्टिकोण से काफी अहम माना गया।
इस बैठक के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े जम्मू-कश्मीर के 14 नेताओं को आमंत्रित किया गया था। आमंत्रित लोगों में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मुख्यधारा के राजनीतिक दलों के प्रमुख शामिल थे। दिल्ली में होने जा रही इस बैठक से पहले जम्मू-कश्मीर और नियंत्रण रेखा एलओसी पर 48 घंटे का अलर्ट जारी किया गया था।



