मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर काशी में हवन और स्वच्छता अभियान, 17 सितंबर को जलेंगे 200 दीप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर वाराणसी में भाजपा ने हवन-पूजन और स्वच्छता अभियान आयोजित किया। कमच्छा स्थित मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र की समृद्धि की कामना की गई। वहीं मिंट हाउस में भाजपा नेताओं ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। 17 सितंबर को प्रत्येक बूथ पर 200 ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने की तैयारी है। साथ ही काशी से वडनगर तक 22 दिवसीय बाइक यात्रा भी शुरू होगी, जिसमें सेवा और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया जाएगा।
वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को उसकी पूर्व संध्या पर कमच्छा स्थित भक्त सेन बाग ट्रस्ट द्वारा संचालित कामना पूर्ण हनुमान मंदिर एवं शांतिकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में विशेष हवन-पूजन आयोजित हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए अनुष्ठान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्र की समृद्धि की कामना की गई। श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से हवन में आहुति दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया रहे। विशिष्ट अतिथि भाजपा काशी क्षेत्र महामंत्री अनूप जायसवाल, काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अमित राय, नवरतन राठी तथा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के उत्तर प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक कुलदीप गोंड रहे। पूजन के बाद अशोक चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और विकास के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है और सेवा, सुशासन तथा गरीब कल्याण शासन की प्राथमिकता में हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा संकल्प अभियान के रुप में मना रही है तथा इस अवसर पर विभिन्न सेवा व जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अशोक चौरसिया ने कहा कि काशी की जनता को गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पावन नगरी का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके अनुसार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काशी के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और आधारभूत विकास को गति मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीनाथ शर्मा ने किया, जबकि धीरेंद्र शर्मा ने आभार जताया।
आयोजन में मिठाई लाल यादव, शंकर जायसवाल,अनिल गुप्ता,ओम प्रकाश यादव, मंगलेश जायसवाल, सुमित गुप्ता, मनीष चौरसिया, प्रदीप जायसवाल, विकास शुक्ला, अखिल खरवार, आलोक श्रीवास्तव, अशोक शर्मा, सिद्धनाथ गौड़, जय किशन गुप्ता, जय नारायण शर्मा, शशिकांत शर्मा, अनूप गुप्ता, विंध्यवासिनी प्रसाद शर्मा और आदित्य गोयनका सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति देकर राष्ट्र की उन्नति, समाज की समृद्धि तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर प्रत्येक बूथ पर जलेगें आशीर्वाद के 200 दियें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने पर देश भर में 17 सितम्बर को प्रत्येक बूथ पर 200 ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का अभियान चलाया जाएगा। उक्त बातें उत्तरप्रदेश के कैबिनेट मंत्री व वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने सर्किट हाउस में भाजपा और प्रशासन की समन्वय बैठक को संबोधित करते हुए कही।उन्होंने बताया कि यह सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसका संदेश है ‘जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा’।
श्री सुरेश खन्ना ने कहा कि 17 सितंबर को सायंकाल पूरे प्रदेश में एक साथ प्रत्येक बूथ पर 200 दीप जलाने का कार्यक्रम होगा। कहा कि यह सिर्फ दीप जलाने का कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 सालों की जनसेवा और संकल्प के प्रति, जनता द्वारा आभार और आशीर्वाद देने का अभियान है। कहा कि आशीर्वाद का दिया जलाने का कार्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थी एवं काशीवासी स्वयं करेंगे।

सासंद व कार्यक्रम के राष्ट्रीय संयोजक वी.डी. शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी की कर्मभूमि काशी से जन्मभूमि वडनगर तक की 22 दिवसीय भव्य बाइक यात्रा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी के जन्मदिन के अवसर पर काशी में किया जाएगा।
श्री वी.डी. शर्मा ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सेवा कार्यों से जोडना है। जैसे स्वच्छता, वृक्षारोपण, लाभार्थियों से संवाद, जनचौपाल करना प्रमुख है। कहा कि साथ ही काशी की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को गुजरात के वडनगर से जोड़ना तथा देश की विविध नदियों, तीर्थ परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर ने कहा कि बाइक यात्रा के शुभारंभ से पूर्व काशी स्थित ज्योतिर्लिंग काशी विश्वनाथ का पवित्र नदियों के जल से अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात विधिवत पूजा-अर्चना के साथ वाराणसी से वडनगर तक की 22 दिवसीय बाइक यात्रा प्रारंभ होगी।
जेपीएस राठौर ने कहा कि
इस विशेष यात्रा के निमित्त प्रमुख नदियों एवं पवित्र संगमों—गंगा, यमुना, आमी, राप्ती, नर्मदा, गोमती, बेतुआ, अलकनंदा, कुआनो, वरुणा एवं सरयू सहित संगम—का पवित्र जल एकत्रित किया गया है।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित होने
वाले सेवा संकल्प अभियान में शामिल होनें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित अनेक विशिष्ट जन उपस्थित रहेंगे। कहा कि पीएम के जन्मदिन पर विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं द्वारा स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
श्री चौरसिया ने कहा कि सेवा संकल्प बाइक यात्रा देश की सांस्कृतिक एकता, श्रद्धा और राष्ट्रीय भावना का संदेश लेकर आगे बढ़ेगी। काशी से वडनगर—श्रद्धा, संस्कृति और संकल्प की यह 22 दिवसीय एक विशेष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा के रूप में संपन्न होगी।
इनकी रही उपस्थिति
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र के प्रभारी रमेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कोरी, भाजपा के प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, अश्विनी त्यागी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मोर्या, विधायक अवधेश सिंह, टी. राम, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, नवरतन राठी,अमित राय, अनूप जायसवाल,जगदीश त्रिपाठी, अनिल गुप्ता,संतोष सोलापुरकर, नवीन कपूर,सहित व्यवस्था में लगे पदाधिकारी एवं जिला प्रशासन के अधिकारी मौजुद रहे।
झाड़ू लेकर उतरे भाजपा नेता, बोले-स्वच्छता को अभियान नहीं, जनआंदोलन बनाना होगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिंट हाउस स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान में स्वच्छता का संदेश देने के साथ भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वयं झाड़ू लगाकर आसपास के परिसर की सफाई की। अभियान का नेतृत्व, अभियान के राष्ट्रीय संयोजक एवं सांसद वी.डी. शर्मा तथा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जे.पी.एस. राठौर ने किया। दोनों नेताओं ने झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और इसे जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया।
अभियान के दौरान सांसद एवं अभियान के राष्ट्रीय संयोजक वी.डी. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी से ही स्वच्छता अभियान की शुरुआत की थी, जो अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल आसपास के वातावरण को साफ रखने तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ और खुशहाल समाज की बुनियाद है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जे.पी.एस. राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने की दिशा में व्यापक अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान पिछले दशक में शुरू हुए भारत के प्रमुख और महत्वपूर्ण अभियानों में से एक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम के रूप में 2 अक्टूबर 2014 को स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की थी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान का प्रभाव केवल शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ी है। जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता को सामाजिक अभियान का स्वरूप देने का प्रयास किया गया है।
स्वच्छता को हर नागरिक की जिम्मेदारी बनाने पर जोर
भाजपा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया और शौचालयों के निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश के बुनियादी ढांचे में बदलाव के प्रयासों के साथ स्वच्छता को भी विकास की प्रक्रिया से जोड़ा गया, जिससे देश को तीव्र गति से आगे बढ़ाने की दिशा में काम हुआ।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि स्वच्छता को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बनाना भी है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत देशभर में कचरा प्रबंधन के साथ जनजागरूकता के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
स्वच्छता अभियान के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थल और आसपास के क्षेत्र की सफाई की। इस दौरान स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने का संदेश दिया गया।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम में भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवरतन राठी, राकेश सिंह अलगु, आर.पी. कुशवाहा, अनुप जायसवाल, संतोष सोलापुरकर, संजीव चौरसिया, शैलेंद्र मिश्रा, नम्रता चौरसिया, संदीप केशरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया।
बिजली गिरने से चिंताहरण गणेश मंदिर का शिखर ध्वस्त, टला बड़ा हादसा
‘कैप्टन एम नेटवर्क’ का खुलासा, AQIS मॉड्यूल से जुड़े युवक को UP ATS ने दबोचा



