Sports

भारतीय महिला क्रिकेटर मिताली राज ने पूरे किये अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10000 रन

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वनडे कप्तान मिताली राज ने आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे कर लिए हैं। मिताली ऐसा करने वाली दुनिया की दूसरी और भारत की एकमात्र महिला क्रिकेटर बन गईं हैं। लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी एकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वन-डे के दौरान उन्होंने यह रिकॉर्ड बनाया। इसके साथ ही मिताली और चार्लोट एडवर्ड्स(महिला क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज) के बीच में अब 200 से कम रनों का अंतर बचा है।

311वें इंटरनेशनल मैच में किया कमाल

मिताली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पदार्पण जून 1999 में किया था। अब तक उन्होंने कुल 10 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 51.00 की औसत से कुल 663 रन बनाये हैं। वनडे में उन्होंने 212 मैचों में 50.53 की औसत से 6,974 रन जबकि टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 89 मैचों में 37.52 की औसत से कुल 2,364 रन बनाए हैं। मिताली ने अपने क्रिकेट करियर में रिकॉर्ड 75 अर्धशतक और 8 शतक जमाए हैं। इनमें से 54 अर्धशतक और सात शतक उन्होंने वन-डे में लगाए हैं। टेस्ट मैचों में उन्होंने एकमात्र शतक (214 रन) इंग्लैंड के खिलाफ साल 2002 में टॉटन में बनाया था।

पहले वनडे में मिताली ने खेली थी 50 रनों की पारी

भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रही पांच मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत से पहले मिताली को यह आंकड़ा छूने के लिए 85 रन की जरूरत थी। श्रृंखला के पहले मैच में उन्होंने 50 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मैच में उन्हें बल्लेबाजी का मौका ही नहीं मिला था। तीसरे वन-डे में 50 गेंद में 36 रन बनाकर वह आउट हुईं। इसी मैच में उन्होंने यह रिकॉर्ड बनाया।

(https://twitter.com/BCCIWomen/status/1370246605224300546)

इस मौके पर बीसीसीआई ने मिताली की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा, ‘क्या शानदार क्रिकेटर है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने वाली पहली भारतीय महिला बल्लेबाज। बधाई मिताली।’

चार्लोट एडवर्ड्स के नाम सबसे ज्यादा रन

महिला क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स के नाम हैं, जिन्होंने कुल 10,273 रन बनाए हैं। हालांकि एडवर्ड्स ने साल 2016 में अपने 20 साल लंबे करियर पर पूर्ण विराम लगा दिया था। एडवर्ड्स ने 191 वन-डे में 5,992 रन, 23 टेस्ट मैचों में 1,676 रन और 95 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,605 रन बनाए हैं।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button