एक समय, एक लय, एक स्वर… वाराणसी में 2500 बच्चों ने जब गाया ‘वंदेमातरम’, गूंज उठा पूरा शहर
वाराणसी में राष्ट्रीय गीत ‘वंदेमातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारत विकास परिषद काशी प्रांत एनसीआर-2 की वरुणा शाखा ने विशेष आयोजन किया। पांच विद्यालयों और एक डिग्री कॉलेज में 2500 से अधिक बच्चों ने एक समय, एक लय और एक स्वर में पूर्ण वंदेमातरम का सामूहिक गायन किया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय गीत के इतिहास, रचनाकार, उद्देश्य और राष्ट्रीय गीत के रूप में इसकी मान्यता की जानकारी दी गई। कई संस्थानों ने नियमित सामूहिक गायन की पहल की।
वाराणसी: राष्ट्रीय गीत ‘वंदेमातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारत विकास परिषद काशी प्रांत एनसीआर-2 की वरुणा शाखा ने अनूठे अंदाज में राष्ट्रीय गीत समारोह आयोजित किया। एक समय, एक लय और एक स्वर में वाराणसी के पांच विद्यालयों और एक डिग्री कॉलेज में 2500 से अधिक बच्चों ने पूर्ण वंदेमातरम का सामूहिक गायन किया।
वरुणा शाखा की पूरी टीम अलग-अलग संस्थानों में पहुंची और बच्चों को राष्ट्रीय गीत के इतिहास, रचनाकार, उद्देश्य और राष्ट्रीय गीत के रूप में इसकी मान्यता से जुड़ी जानकारी दी। गतिविधि संयोजक संस्कार श्रीमती नीतू सिंह ने बच्चों को वंदेमातरम की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि बताई, जबकि प्रांतीय सह महिला सहभागिता श्रीमती लवली श्रीवास्तव ने इसके महत्व पर प्रकाश डाला। अध्यक्ष डॉ. ओम प्रकाश यादव ने इसे जीवन का ऐतिहासिक पल बताया।
कार्यक्रम में संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोइराजपुर, द पाठशाला स्कूल तरना-शिवपुर, जेसी इंटर कॉलेज हटिया-शिवपुर, सरस्वती शिशु बाल विद्या मंदिर महावीर मंदिर-अर्दली बाजार, श्री नारायण बाल शिक्षा निकेतन स्कूल तरना बाजार-शिवपुर और बाबू तूफानी सिंह डिग्री कॉलेज, चंदौली शामिल रहे। विद्यालयों के प्रिंसिपल, डायरेक्टर और शिक्षकों ने पहल की सराहना की। कई संस्थानों ने अब नियमित रूप से दिन की शुरुआत वंदेमातरम के सामूहिक गायन से करने की बात कही।
आयोजन में अध्यक्ष डॉ. ओम प्रकाश यादव, सचिव दिनेश जायसवाल, कोषाध्यक्ष जेपी सिंह, महिला सहभागिता निधि सिंह, पूर्व सचिव एवं गतिविधि संयोजक संस्कार नीतू सिंह, रीना गिरी, अनुराग शर्मा और आनंद तिवारी की सहभागिता रही। आयोजकों ने कार्यक्रम में बाल भूषण सरस्वती शिशु मंदिर के मार्गदर्शन की विशेष सराहना की।
‘मेरा यूपी, मेरा बिहार’ से सजा तीज का रंग, भोजपुरी तड़के और कजरी ने वाराणसी में बांधा समां



