हर मां को सुरक्षित प्रसव का भरोसा, बिड़ला अस्पताल में नई शुरुआत
वाराणसी के राजा बलदेव दास बिड़ला अस्पताल में आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने आधुनिक महिला एवं प्रसूति वार्ड का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर मां और नवजात को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। अस्पताल में अत्याधुनिक लेबर रूम, आईसीयू, हिस्टेरोस्कोपी, लैप्रोस्कोपी, डायलिसिस, आयुष्मान योजना तथा आयुष एवं आधुनिक चिकित्सा की समन्वित सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
वाराणसी । प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने रविवार पूर्वाह्न राजा बलदेव दास बिड़ला अस्पताल, मछोदरी में नवनिर्मित आधुनिक महिला एवं प्रसूति वार्ड का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक मां और नवजात शिशु को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
डॉ. दयालु ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अस्पताल का यह नया वार्ड पूर्वांचल की महिलाओं के लिए अत्याधुनिक एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का केंद्र बनेगा।
उन्होंने बताया कि नए महिला एवं प्रसूति वार्ड में आधुनिक लेबर रूम, आईसीयू, प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात देखभाल की समुचित व्यवस्था की गई है। यहां 24 घंटे विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
मंत्री ने कहा कि यह वार्ड आयुष एवं आधुनिक चिकित्सा पद्धति का समन्वित मॉडल होगा, जहां एलोपैथिक उपचार के साथ आयुष आधारित प्राकृतिक चिकित्सा का भी लाभ मरीजों को मिलेगा। इससे महिलाओं की प्रसव पूर्व और प्रसव पश्चात देखभाल और अधिक प्रभावी होगी।
संस्था के उपाध्यक्ष दीपक बजाज ने बताया कि अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को ₹5 लाख तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में 8 बेड का आधुनिक डायलिसिस यूनिट संचालित है, जहां प्रतिमाह लगभग 500 डायलिसिस किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में ऑर्थोपेडिक, न्यूरो, स्त्री एवं प्रसूति, जनरल एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जरी सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा फेको मशीन से निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन तथा आयुर्वेद एवं होम्योपैथिक चिकित्सा सुविधाएं भी संचालित हैं।
संस्था के सचिव जगदीश झुंझुनवाला ने कहा कि संस्था का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को न्यूनतम लागत पर उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अनन्या अग्रवाल ने कहा कि आधुनिक महिला वार्ड का शुभारंभ क्षेत्र की महिलाओं के लिए सुरक्षित, सुलभ और उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अत्याधुनिक हिस्टेरोस्कोपी एवं लैप्रोस्कोपी सेवाएं भी प्रारंभ कर दी गई हैं, जो पूर्वी उत्तर प्रदेश की उन्नत चिकित्सा सुविधाओं में शामिल हैं।
डॉ. अनन्या अग्रवाल ने बताया कि इन तकनीकों के माध्यम से गर्भाशय की गांठ (फाइब्रॉइड), ओवेरियन सिस्ट, एंडोमेट्रियोसिस, असामान्य रक्तस्राव तथा अन्य जटिल स्त्री रोगों का न्यूनतम चीरे के साथ प्रभावी उपचार संभव है। इन प्रक्रियाओं में दर्द, रक्तस्राव तथा रिकवरी का समय अपेक्षाकृत कम होता है, जिससे मरीजों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिलता है।
जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि लोकार्पण के उपरांत मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया, मरीजों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को संवेदनशीलता और समर्पण के साथ सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल को हरसंभव सहयोग का भी आश्वासन दिया।
इस अवसर पर आर.के. चौधरी, डॉ. प्रियदर्शनी अग्रवाल, डॉ. अनन्या अग्रवाल, संजीव कुमार शाह, गौरीशंकर नेवर, गौरव राठी, नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. ऋषभ जायसवाल, डॉ. सुशील कुमार जायसवाल, अनिल अग्रवाल, डॉ. सुभाष श्रीवास्तव, डॉ. आर.एन. पाठक, दीनानाथ झुंझुनवाला सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मंत्री का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।



