651 कांवड़ियों संग निकली भव्य यात्रा, काशी हुई शिवमय
सावन माह में वाराणसी में मारवाड़ी युवा फाउंडेशन अरिदम परिवार द्वारा 651 कांवड़ियों के साथ भव्य बैजनाथ कांवड़ यात्रा निकाली गई। प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने यात्रा का शुभारंभ किया। पूरे मार्ग में 'बोल बम' के जयघोष गूंजे और बाबा बैजनाथ मंदिर में गंगाजल से जलाभिषेक किया गया।
वाराणसी : सावन माह के पावन अवसर पर सनातन संस्कृति की राजधानी काशी में आज मारवाड़ी युवा फाउंडेशन अरिदम परिवार द्वारा भव्य बैजनाथ कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। 651 गंगाजल से भरे कलशों के साथ निकली इस यात्रा का शुभारम्भ गिरजाघर चौराहे पर प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने पूजा-अर्चना कर प्रथम कावड़ देकर किया।
इस अवसर पर आयुष मंत्री डॉ. दयालु ने कहा, “अध्यात्म और संस्कृति की राजधानी काशी अपनी सभी सनातन परंपराओं को धूमधाम से मनाती है। बैजनाथ कावड़ यात्रा उसी परंपरा की जीवंत मिसाल है। 651 कावड़ियों का एक साथ गंगाजल लेकर चलना यह संदेश देता है कि काशी में आस्था, सेवा और समरसता एक साथ बसती है।” उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन और सनातन परंपराओं को नई ऊंचाई दे रही है। कावड़ यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह सामाजिक एकता, अनुशासन और सेवा भाव का प्रतीक है। सरकार ऐसी सभी परंपराओं को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
गेरुआ वस्त्र धारी 651 कावड़ियों का जत्था गिरजाघर से लक्सा, कमच्छा, लहुराबीर होते हुए बैजनाथ स्थित ज्योतिर्लिंग बाबा बैजनाथ मंदिर पहुंचा। पूरे मार्ग में “बोल बम”, “हर-हर महादेव” के नारों और डीजे पर भक्ति गीतों से वातावरण शिवमय हो गया। जगह-जगह सामाजिक संस्थाओं द्वारा कावड़ियों के लिए जल, शरबत और फल-प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। मंत्री ने कहा कि _”इस यात्रा से युवाओं में संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का भाव जागृत होता है। मारवाड़ी युवा फाउंडेशन द्वारा लगातार इस परंपरा को निभाना सराहनीय है।”
इनकी रही उपस्थिति
कन्हैया लोहिया,उमेश जोगई, प्रमोद राय,गौरव राठी,अभिषेक डिडवानिया,राघवेन्द्र शाश्वत,मनोज जालान,संजय मिश्रा,सौरभ राय,हरि अग्रवाल,अरुण पाण्डेय,सौरभ पाठक,जितेंद्र राय,राजीव अग्रवाल,मोहित बाजोरिया,विकास अग्रवाल सहित अनेकों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद राय एवं लोकेश अग्रवाल ने किया। स्वागत गौरव राठी ने किया।



