करसड़ा वेस्ट प्लांट निरीक्षण: नगर आयुक्त सख्त, शत-प्रतिशत निस्तारण के निर्देश
वाराणसी में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने करसड़ा सॉलिड वेस्ट प्लांट का निरीक्षण कर कूड़ा निस्तारण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने शत-प्रतिशत निस्तारण, आरडीएफ प्रबंधन और लिगेसी वेस्ट हटाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। बाढ़ में जलभराव रोकने हेतु मार्ग को छह फीट ऊंचा करने का आदेश भी दिया गया।
वाराणसी : नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल द्वारा करसड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्लांट की कार्यप्रणाली, कूड़ा निस्तारण व्यवस्था, आरडीएफ प्रबंधन तथा लिगेसी वेस्ट निस्तारण की तैयारियों का गहनता से अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने प्लांट की समग्र कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया। उन्होंने कूड़ा निस्तारण व्यवस्था, आरडीएफ (Refuse Derived Fuel) प्रबंधन तथा लिगेसी वेस्ट के निस्तारण से जुड़ी तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्लांट पर प्रतिदिन आने वाले कूड़े का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्थिति में बैकलॉग की समस्या उत्पन्न न होने पाए।
नगर आयुक्त ने विशेष रूप से आरडीएफ के प्रभावी प्रबंधन पर जोर देते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि इसके निस्तारण के लिए ठोस एवं व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार कर तत्काल लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि आरडीएफ का समयबद्ध निस्तारण नहीं हुआ, तो इससे प्लांट की क्षमता और शहर की स्वच्छता व्यवस्था दोनों प्रभावित हो सकती हैं।लिगेसी वेस्ट (पुराने कचरे) के निस्तारण को लेकर भी नगर आयुक्त ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने चयनित संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द चरणबद्ध और वैज्ञानिक कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि लिगेसी वेस्ट के निस्तारण से न केवल पर्यावरणीय जोखिम कम होंगे, बल्कि प्लांट परिसर को व्यवस्थित और उपयोगी बनाया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान करसड़ा प्लांट तक पहुंचने वाले मार्ग की समस्या भी प्रमुखता से सामने आई। नगर आयुक्त ने बताया कि हर वर्ष बाढ़ के दौरान इस मार्ग पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आवागमन और प्लांट संचालन दोनों प्रभावित होते हैं। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मार्ग को लगभग 6 फीट ऊंचा कर पुनर्निर्माण कराया जाए और इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में करसड़ा सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित निगरानी बनाए रखें और सभी कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
श्रमिकों के लिए बड़ा तोहफा! लखनऊ से CM योगी ने किया ऐसा ऐलान, बदलेगी लाखों परिवारों की जिंदगी
लड्डू गोपाल की वैजयंती माला : भक्ति, प्रेम और विजय की दिव्य कथा



