बाबा विश्वनाथ धाम में पीएम मोदी को भेंट हुआ अनोखा तोहफा, जानिए क्या है खास
वाराणसी दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बाबा विश्वनाथ धाम में गुलाबी मीनाकारी से निर्मित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की अनुकृति, त्रिशूल और डमरू भेंट किए गए। यह उपहार काशी की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा और सनातन संस्कृति का प्रतीक हैं। जनप्रतिनिधियों द्वारा भेंट किए गए इन उपहारों से पीएम और काशी के बीच आत्मीय संबंध झलके। दो दिवसीय दौरे में कुल 8 जीआई उत्पाद भेंट किए गए, जिससे स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन मिला।
वाराणसी : काशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान भावनात्मक, धार्मिक और सांस्कृतिक पल देखने को मिला, जब काशी के जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों ने प्रधानमंत्री को बाबा विश्वनाथ के आंगन में प्रसिद्ध जीआई पंजीकृत हस्तशिल्प गुलाबी मीनाकारी से निर्मित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की अनुकृति और काशी मेटल रिपोजी की त्रिशूल भेंट किया। प्रधानमंत्री को डमरू भी भेट किया गया।
डमरू और त्रिशूल भगवान शिव के प्रमुख प्रतीक माने जाते हैं, जो काशी की धार्मिक चेतना और सनातन परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह उपहार न केवल काशी की समृद्ध कला परंपरा का प्रतीक था, बल्कि प्रधानमंत्री और काशी के बीच गहरे आत्मीय संबंधों को भी दर्शाता है। प्रधानमंत्री को यह विशेष उपहार बाबा विश्वनाथ के दरबार में दर्शन-पूजन के उपरांत कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी,सौरभ श्रीवास्तव ने भेंट किया। प्रधानमंत्री के दो दिन के वाराणसी दौरे में उन्हें 8 जीआई उत्पादों का उपहार भेंट किया गया।
राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित हस्तशिल्पी कुंज बिहारी ने बताया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का मॉडल बनाने में लगभग एक सप्ताह लगा। इसे खास तौर पर प्रधानमंत्री जी के लिए तैयार किया गया था। हस्तशिल्पी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जीआई और ओडीओपी के ब्रांड एम्बेसडर हैं, जिनके प्रयासों से काशी का हेंडीक्राफ्ट नई ऊंचाई छू रहा है। ऐसे में इस अनूठी कलाकृति को प्रधानमंत्री को भेंट करना स्थानीय कारीगरों के सम्मान और उनके हुनर को प्रोत्साहन देने वाला कदम है।
जीआई मैन ऑफ इंडिया के रूप में ख्याति प्राप्त पद्मश्री डॉ. रजनी कांत ने बताया कि प्रधानमंत्री को 28 अप्रैल की बरेका की जनसभा में महिलाओं छह उपहार दिए, जबकि 29 अप्रैल (बुधवार) को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के दौरान 2 जीआई पंजीकृत क्राफ्ट प्रधानमंत्री को उपहार में दिया गया।
काशी में प्रधानमंत्री मोदी का भव्य रोड शो, शंखनाद के बीच पहुंचे श्री काशी विश्वनाथ धाम
“आस्था, सम्मान और सुकून… योगी सरकार ने बुजुर्गों के लिए कर दिया खास इंतजाम”



