
वाराणसी। मानव सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं—इसी भावना को साकार करते हुए रोटरी क्लब ब्लड डोनर्स वाराणसी, आर जे शंकरा आई हॉस्पिटल और बाबा गणिनाथ भक्त मण्डल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सारनाथ क्षेत्र के कोटवा कपिलधारा सोनकर बस्ती में विशाल निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। सुबह 9.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में लोग अपनी नेत्र जाँच कराने पहुँचे। मरीजों का शुगर और ब्लड प्रेशर जाँचने के बाद विस्तृत नेत्र परीक्षण किया गया।

शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि 22 मोतियाबिंद पीड़ित मरीज चिन्हित किए गए, जिन्हें तुरंत ही आर जे शंकरा आई हॉस्पिटल, माधोपुर (रिंग रोड फेज-1, गेल सीएनजी पंप के पास) भेजा गया। अस्पताल के विशेष वाहन से मरीजों को ले जाकर उसी दिन निःशुल्क ऑपरेशन कर कृत्रिम लेंस प्रत्यारोपित किया गया। अगले ही दिन उन्हें पुनः शिविर स्थल तक सुरक्षित पहुँचाने की व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटरी क्लब अध्यक्ष रोटेरियन राजेश कुमार गुप्ता, सेंट्यूरियन असिस्टेंट गवर्नर अमर अग्रवाल, बाबा गणिनाथ भक्त मण्डल से रंजीत गुप्ता एवं निखिल गुप्ता की विशेष भूमिका रही। वहीं, सहयोगियों में लवली शाह, राजा सिंह, ओमनी पाल, नीलेश पटेल, पार्षद अनिल सोनकर, लक्ष्मण राजभर, रघुनंदन मौर्या, गुलाब मिश्रा, आशीष घोष, लालचंद, सोनू सोनकर और मंगल सोनकर के नाम प्रमुख रहे। इस मौके पर आयोजकों ने कहा कि “नेत्र ज्योति ही जीवन ज्योति है। अंधकारमय जीवन को प्रकाश देने का कार्य ही सबसे बड़ा पुण्य है।”यह शिविर न सिर्फ नेत्र जांच और उपचार का केंद्र बना, बल्कि 22 परिवारों के लिए नई रोशनी का संदेश भी लेकर आया।
काशी के आदिकेशव घाट पर पिंडदान: पूर्वजों की मुक्ति और विष्णु का आशीर्वाद
इंदिरा एकादशी 2025 : पितृ शांति का महापर्व, 17 सितम्बर को रखा जाएगा व्रत



