Sports

दीपिका के गोल ने दिलाई जीत: एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पर भारत का कब्ज़ा

चैंपियनशिप जीतने पर भारतीय महिला हॉकी टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को तीन-तीन लाख रुपये

नई दिल्ली । भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर खिताब जीत लिया है। भारतीय महिला टीम ने इस तरह तीसरी बार खिताब जीता। भारत के लिए दीपिका ने तीसरे क्वार्टर में गोल किया जो अंत में निर्णायक साबित हुआ। दीपिका ने 31वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया और टीम को बढ़त दिलाई। चीन की टीम निर्धारित समय तक गोल नहीं कर सकी और उसे हार का सामना करना पड़ा।

दीपिका ने किया कमाल
गत चैंपियन के तौर पर उतरी भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान दमदार प्रदर्शन किया और शानदार खेल के दम पर खिताब बरकरार रखने में सफल रही। फाइनल में चीन ने भारत को कड़ी टक्कर दी और पहले दो क्वार्टर तक दोनों ही टीमें गोल नहीं कर सकीं। हालांकि, तीसरे क्वार्टर में दीपिका ओलंपिक की रजत पदक विजेता चीन के गोल पोस्ट को भेदने में सफल रहीं। दीपिका का इस टूर्नामेंट का यह 11वां गोल था।

पिछले साल रांची में और 2016 में सिंगापुर में यह खिताब जीत चुकी भारतीय टीम ने जबरदस्त तालमेल और संयम का परिचय देते हुए चीन को हाशिये पर रखा। पहला हाफ गोलरहित रहने के बाद दूसरे हाफ के पहले ही मिनट में भारत को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर दीपिका ने गोल करके खचाखच भरे बिहार खेल यूनिवर्सिटी स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में उत्साह का संचार कर दिया।

भारत के पास तीसरे क्वार्टर में ही बढ़त दुगुनी करने का सुनहरा मौका था, लेकिन 42वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक पर दीपिका का शॉट चीन की गोलकीपर ने दाहिनी ओर डाइव लगाकर बचा लिया। भारत को चौथे क्वार्टर में भी एक पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन वैरिएशन का कोई नतीजा नहीं निकला। वहीं, भारतीय खिलाड़ी एक बार फिर फिनिशंग टच के लिए जूझते रहे। जापान के खिलाफ सेमीफाइनल में 16 पेनल्टी कॉर्नर में से एक भी तब्दील नहीं कर सकी भारतीय टीम की कमजोरी फाइनल में पहले 30 मिनट में फिर देखने को मिली जब उसे मिले चार पेनल्टी कॉर्नर बेकार गए।(वीएनएस)

चैंपियनशिप जीतने पर भारतीय महिला हॉकी टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को तीन-तीन लाख रुपये

हॉकी इंडिया ने बुधवार को बिहार महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2024 जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम प्रत्येक खिलाड़ियों को तीन-तीन लाख रुपये और सभी सहयोगी कर्मचारियों को 1.5 लाख रूपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।एशियाई हॉकी महासंघ ने प्रतियोगिता के इतिहास में पहली बार पोडियम फिनिशरों के लिए पुरस्कार की घोषणा की है। भारत को 10 हजार अमेरिकी डॉलर की भारी भरकम राशि मिलेगी। जबकि चीन और जापान को क्रमशः सात हजार अमेरिकी डॉलर और पांच हजार अमेरिकी डॉलर दिए जाएंगे।

नीतीश ने एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी जीत पर भारतीय टीम को दी बधाई

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को राजगीर के राज्य खेल अकादमी एवं बिहार खेल विश्वविद्यालय-सह-राज्य खेल परिसर में आयोजित एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी जीतने पर भारतीय टीम को बधाई एवं शुभकामनायें दी है।श्री कुमार ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि बिहार में पहली बार आयोजित एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी में भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में चीन पर 1-0 से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है जो कि पूरे देश के लिये गौरव की बात है। इस चैंपियनशिप ट्रॉफी में भारतीय महिला हॉकी टीम ने पूरी एकजुटता और अनुशासन के साथ खेलते हुये इस चैंपियनषिप में भाग ले रही सभी टीमों- मलेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन और थाईलैंड को शिकस्त दी है।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button