PoliticsUP Live

नकारात्मक राजनीति से देश को पीछे ले जाना चाहता है विपक्ष:जेपी नड्डा

आरक्षण पर डकैती डालने वालों से सतर्क रहने की जरुरत: नड्डा.पिछड़ों का हक मार कर मुस्लिमों का आरक्षण देना चाहती है कांग्रेस: नड्डा

वाराणसी :भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश को अग्रणी श्रेणी में खडी कर दिया है वहीं विपक्ष लगातार नकारात्मकता एवं झूठ फैलाकर देश को पीछे ले जाना चाहता है। शुक्रवार की रात केन्द्रीय कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक में श्री नड्डा ने कहा कि वह विपक्ष के झूठ का पर्दाफाश करें।

विपक्ष कह रहा कि उन्हें मौका मिल जाए तो वह धारा 370 को बहाल कर देंगे। राम मंदिर का विरोध कर रहे है। ट्रिपल तलाक पर भी वह नए फैसले की बात करते हैं। धर्म के आधार पर आरक्षण का राग अलाप रहे हैं। कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह आम लोगों के बीच विपक्ष की सोच को उजागर करें। झूठ का पर्दाफाश करें और देश की अखंडता , एकता को नुकसान करने वालों को बेनकाब करें।वाराणसी में कार्यकर्ताओ के परिश्रम एवं उनकी रणनीति की सराहना करते हुए कहा कि चुनाव में बचे शेष दिनों में घर घर जाकर सम्पर्क करें। काशी के लोगों का मोदी जी के प्रति अपार प्रेम है। काशी के विकास मॉडल सबके लिए मिसाल है। जनता जनार्दन के आशीर्वाद से इस चुनाव में हमें रिकार्ड बनाना है। बैठक का संचालन लोकसभा संयोजक एवं पुर्व विधायक सुरेन्द्र नारायण सिंह औढ़े ने किया

बैठक में प्रमुख रुप से लोकसभा समन्वयक अश्विनी त्यागी, गुजरात के संगठन महामंत्री रत्नाकर , वरिष्ठ नेता जगदीश पटेल, सतीश दुबे, एमएलसी अरुण पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री रवीन्द्र जायसवाल, डॉ दयाशंकर मिश्र, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, चुनाव संयोजक सुरेन्द्र नारायण सिंह, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ सुनील पटेल, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय , एमएलसी अशोक धवन, धर्मेन्द्र राय, अर्चना मिश्र, मीना चौबे, राष्ट्रीय प्रवक्ता केके शर्मा, पूर्व सांसद डॉ राजेश मिश्र, राम गोपाल मोहले,राकेश शर्मा,क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, मृदुला जायसवाल,हर्ष चतुर्वेदी, नवीन कपूर, वैभव कपूर, सुरेश सिंह। संजय सोनकर, अभिषेक मिश्र, आलोक श्रीवास्तव, अरविन्द सिंह, डॉ वंशराज पटेल, मुकुंद जायसवाल , शिवशरण पाठक, दर्शन पाठक, राहुल सिंह आदि उपस्थित थे।

आरक्षण पर डकैती डालने वालों से सतर्क रहने की जरुरत: नड्डा

बलिया : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि विपक्षी दल दलित तथा पिछड़ों के आरक्षण को समाप्त कर धर्म के आधार पर आरक्षण लाना चाहते हैं।जिले के जनाड़ी गांव में भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुये उन्होने कहा कि इंडी गठबंधन दलित पिछड़ो के आरक्षण में डकैती डालने का मन बना चुकी है और इनका हिस्सा मुस्लिमों को देना चाहती है। इनसे सावधान रहना होगा।श्री नड्डा ने कहा “ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की दो लाख पंचायतों में ऑप्टिकल फाइबर का जाल बिछाया तथा दो लाख गांवो में कॉमन सर्विस सेंटर खोल दिया जबकि अखिलेश बोलते थे कि भारत तो अनपढ़ों का देश है। इसका डिजिटलाइजेशन करके क्या करोगे, यहां वाई-फाई का क्या मतलब है तथा गांवों में वाई-फाई क्या करेगा।

”उन्होंने कहा “ श्री मोदी ने भारत के सामर्थ्य को पहचाना तथा आज सब्जी वाला भी डिजिटल ट्रांजेक्शन करता है। ये बदला हुआ भारत है। जिसे तुमने अनपढ़ और किसी काम का नहीं कहा वो तुमसे ज्यादा पढ़ा लिखा निकला और मोदी जी के साथ कंधा से कंधा मिलाकर खड़ा हो गया।”सपा सुप्रीमो पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा “ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सहित आपके प्रदेश में हाईवे बन रहे हैं, विकास हो रहा है, बूढ़े बुजुर्गों की चिंता की जा रही है, जबकि आपको ये भी याद रहना चाहिए कि आपने अखिलेश कि सरकार भी देंखी थी, पुर्णिमा को नमन करने का मजा तब तक नहीं आया जब तक आपको अमावस्या की अंधेरी रात याद ना हो। ”उन्होंने कहा कि यही अखिलेश यादव थे जो वाराणसी तथा लखनऊ धमाकों के आतंकवादियों को छोड़ने का प्रस्ताव लाये थे, ये आतंकवादियों तथा देशद्रोहियों के दोस्त हैं।

पिछड़ों का हक मार कर मुस्लिमों का आरक्षण देना चाहती है कांग्रेस: नड्डा

सोनभद्र : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी अनुसूचित जाति , जनजाति और पिछड़ों का हक़ मार कर धर्म के नाम पर मुस्लिमों को आरक्षण देने की वकालत कर रही है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।हाइडल मैदान में शुक्रवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुये उन्होने कहा कि दस वर्ष पहले देश में निराशा का माहौल था और लोग यही मानते थे कि भारत की राजनीति निराशाजनक है और भारत में कुछ भी नहीं बदलने वाला है । दुनिया में भारत की छवि भ्रष्टाचारी और पिछलग्गू देश की थी लेकिन दस वर्षों के मोदी शासन के बाद देश विकसित भारत का संकल्प लेकर चल पड़ा है।

उन्होने कहा “ 2024 में मोदी को प्रधान मंत्री बना कर आप विकसित भारत की नींव रखने वाले हैं l 70 साल की राजनीति में कांग्रेस ने भारत में सभी को एक दूसरे से लड़ाने का काम किया और मोदी ने सभी को एक दूसरे से जोड़ने का काम किया । जहां कांग्रेस का तरीक़ा फूट डालो और राज करो का था वहीं मोदी 140 करोड़ भारतीयों को अपना परिवार मानते हैं और सबको एक जुट करने का काम कर रहे हैं ।”नड्डा ने कहा कि आज सबसे विकसित देश अमेरिका सहित आस्ट्रेलिया आदि की आर्थिक स्थिति डावांडोल है वहीं चीन , जापान आदि देश पिछड़ रहे हैं जबकि भारत ब्रिटेन को पिछाड़ कर पाँचवीं अर्थव्यवस्था बन गया है और अगले तीन साल में तीसरी अर्थव्यवस्था बन जाएगा ।

उन्होने कहा कि भारत दवा उत्पादन में दूसरे स्थान पर पहुँच गया है। कोरोना काल में वैक्सीन उत्पादन कर 100 देशों तक पहुँचाया और 48 देशों को मुफ़्त वैक्सीन दिया। पहले भारत माँगने वाले देश के रूप में जाना जाता था वहीं अब देने वाले देश के रूप में जाना जाता है। नेपाल , टर्की , श्रीलंका सहित कई देशों के संकट के समय में भारत सहयोग के लिए आगे खड़ा रहा । पहले गणेश , लक्ष्मी की मूर्ति सहित तमाम मूर्तियाँ चीन से आती थीं वहीं अब खिलौनों के उत्पादन में हम तीसरे नंबर पर पहुँच चुके हैं । 97 प्रतिशत मोबाइल भारत में बन रहे हैं जो पहले चीनी में बना करते थे। गाँव गाँव तक सड़कों का निर्माण हुआ है इसी के साथ हाईवे निर्माण भी तेज़ी से हुआ है।

भारत अब डिजिटल इंडिया बन चुका हैसपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होने कहा “ वो कहते थे कि भारत अनपढ़ है डिजिटल इंडिया कैसे होगा लेकिन अब सब्ज़ी वाला भी डिजिटल पेमेंट ले रहा है। अभी 55 करोड़ लोगों को आयुष्मान कार्ड मिला है 2024 का चुनाव जीतने पर 70 वर्ष से अधिक के सभी लोगों को 5 लाख का इलाज प्रति वर्ष मुफ़्त मिलेगा। चार करोड़ पी एम आवास लोगों को मिल चुके हैं अगली बार तीन करोड़ पी एम आवास और मिलेंगे । पी एम सूर्य घर घर मुफ़्त बिजली योजना के तहत हर घर को सौर ऊर्जा से परिपूर्ण किया जाएगा और बची हुई बिजली सरकार ख़रीदेगी जिससे आवास मालिक को आर्थिक लाभ होगा ।”उन्होंने कहा कि विरोधी दल आप का आरक्षण छीन कर धार्मिक आधार पर मुसलमानों को देना चाहते हैं लेकिन जब तक मोदी और भाजपा हैं ऐसा नहीं होने देंगे संविधान के अनुसार ही आरक्षण होगा।

उन्होने पश्चिम बंगाल में ममता सरकार द्वारा मुस्लिमों को आरक्षण दिये जाने जिसे उच्च न्यायालय ने निरस्त कर दिया की भी चर्चा की । राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जिस संविधान की किताब वो लेकर चलते हैं और कहते हैं मोदी संविधान बदल देंगे उस संविधान की किताब को उन्होंने पढ़ा नहीं है । उन्होंने विपक्षी पार्टियों के भ्रष्टाचार और घोटालों को गिनाया और कहा कि उनकी जगह जेल है कहा कि वो राम विरोधी हैं और हम राम समर्थक ।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button