PoliticsUP Live

इंडी अराजकता, भ्रष्टाचार और कर्फ्यू लगाने वाला गठबंधन: सीएम योगी

बोले सीएम, देश में आतंकी घटना होने पर कांग्रेस रहती थी चुप, आज दिया जाता है मुंहतोड़ जवाब.बोले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल में पीओके होगा हमारा .भारत में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने वाला पाक आज अपना ही देश नहीं बचा पा रहा .

  • आतंकवादियों, माफिया का समर्थन करने वाले, राम मंदिर के विरोधियों की जमानत करानी है जब्त

आजमगढ़ : सपा, कांग्रेस और इंडी गठबंधन अराजकता, भ्रष्टाचार और कर्फ्यू लगाने वाला गठबंधन है। वहीं प्रदेश में पिछले सात वर्षों में भाजपा की सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ बल्कि दंगाइयों का राम नाम सत्य हो गया है। आज प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ त्यौहार मनाए जा रहे हैं। देश और प्रदेश में बेटी और व्यापारी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। गरीबों को फ्री में राशन दिया जा रहा है। देश और प्रदेश में जब समान विचारधारा की सरकार होती है तो वह जनता जनार्दन के प्रति संवेदनशील होती है। वहीं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की सरकार में गरीबों, दलितों, महिलाओं और नौजवानों के लिए कोई संवेदना नहीं थी। इनकी संवेदना माफिया और आतंकवादियों के प्रति थी। यह उनके लिये काम करते थे। इन्होंने आजमगढ़ वासियों के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया था।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में देशवासियों के साथ आजमगढ़ वासियों का सम्मान बढ़ा है। यही वजह है कि पूरे देश में एक आवाज आ रही है, एक ही स्वर गूंज रहा है कि फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार। जब 400 पार की बात होती है तो कांग्रेस, सपा, बसपा की हालत खराब हो जाती है क्योंकि जनता कह रही है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आजमगढ़ के फूलपुर पवई में लालगंज लोकसभा क्षेत्र के लिए जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने लोकसभा प्रत्याशी नीलम सोनकर के पक्ष में वोट की अपील की।

मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में पीओके होगा हमारा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश की सुरक्षा की स्थिति काफी खराब थी। उस दौरान देश में आतंकी घटनाएं होती थीं। देश में भय का माहौल था। इसके बावजूद कांग्रेस के लोग चुप रहते थे। वहीं पिछले 10 वर्षों में देश में एक भी आतंकी वारदात नहीं हुई है। आज तो पटाखा भी जोर से फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देने लगता है। आज देश में आंतकी घटनाओं को अंजाम देने वाला पाकिस्तान अपने ही देश को नहीं बचा पा रहा है। इतना ही नहीं पीओके में लगातार आंदोलन चल रहा है। वहां अव्यवस्था का माहौल है, चारो ओर आगजनी हो रही।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काे तीसरा कार्यकाल दीजिये, पीओके भारत का हिस्सा होगा। यह सिर्फ मजबूत और दमदार सरकार यानी भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही कर सकती है। ऐसे में आतंकवादियों, माफिया का समर्थन करने वाले, राम मंदिर के विरोधियों की जमानत जब्त करानी है। कांग्रेस के समय में देश में विकास कार्य ठप पड़े थे। वहीं आज देश में वर्ल्ड क्लास हाइवे, एयरपोर्ट, रेलव, मेट्रो, विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। समाजवादी पार्टी के समय में खाद्यान्न घोटाला होता था। वहीं आज देश में 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दिया जा रहा है।

चुनाव बाद और तेजी से गुंडों-माफिया की संपत्ति पर चलेगा बुलडोजर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 500 वर्षों के इंतजार के बाद अयोध्या में रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हो गये हैं। पहले रामभक्तों पर गोली चलती थी, आज उनकी देश और विदेश में आवाभगत होती है। सपा सरकार में अयोध्या में राममंदिर और वाराणसी में संकट मोचन मंदिर पर आतंकी हमला करने वाले आतंकियों के मुकदमे वापस लेने का कुत्सित प्रयास किया गया था। आज आतंकवादियों की रामनाम सत्य है की यात्रा निकल रही है। आज कोई गुंडा और माफिया किसी गरीब, किसी बेटी, किसी व्यापारी की सुरक्षा के लिए खतरा बनने का दु:साहस नहीं कर सकता। इनके सरगना कह रहे हैं योगी जी को बुलडोजर नहीं चलाना चाहिए, मैं कहता हूं कि चिंता न करो जो बचे हैं वह भी चुनाव बाद पूरा हो जाएगा। सीएम ने कहा कि जनप्रतिनिधि अच्छा चुनना चाहिए। इस चुनाव में आपको सपा की जमानत जब्त करने का काम करना है।

इस अवसर पर सांसद संगीता आजाद, पूर्वांचल विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, विधायक राम विकास चौहान, सदस्य विधान परिषद राम सूरत राजभर, कन्हैया लाल निषाद, अरुण कांत यादव आदि उपस्थित रहे।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button