मुख्यमंत्री आवास के सीसीटीवी फ़ुटेज की जाँच होते ही सत्य सामने आएगा : मालीवाल
महिला आयोग ने बिभव कुमार के घर चिपकाया नोटिस
नयी दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) की सांसद स्वाति मालीवाल ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री आवास पर उनके साथ हुयी बदसलूकी में आरोपी को बचाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन मुख्यमंत्री आवास के अंदर के सीसीटीवी फ़ुटेज की जांच होते ही सत्य सबके सामने आ जायेगा।सुश्री मालीवाल ने शुक्रवार को बिना किसी का नाम लिये कहा कि घटना का आधा-अधूरा वीडियो डालकर अपराध करने वाले को बचाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा ,“हर बार की तरह इस बार भी इस राजनीतिक हिटमैन ने ख़ुद को बचाने की कोशिशें शुरू कर दी हैं। बिना संदर्भ का आधा वीडियो चलाकर इसे लगता है ये इस अपराध को अंजाम देके ख़ुद को बचा लेगा। कोई किसी को पीटते हुए वीडियो बनाता है भला? घर के अंदर और कमरे के सीसीटीवी फ़ुटेज की जाँच होते ही सत्य सबके सामने होगा।”आप नेता ने कहा,“जिस हद तक गिर सकता है गिर जा, भगवान सब देख रहा है। एक न एक दिन सब की सच्चाई दुनिया के सामने आएगी।”सुश्री मालीवाल से हुई बदसलूकी के मामले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो मुख्यमंत्री आवास के अंदर का बताया जा रहा है, हालांकि फ़िलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
https://x.com/AHindinews/status/1791500741154361790
वीडियो में दिख रहा है कि सुश्री मालीवाल एक हॉल के अंदर बैठी हैं जहां कुछ सुरक्षाकर्मी उन्हें बाहर जाने को कह रहे हैं। सुश्री मालीवाल गुस्से में कह रही हैं कि उन्होंने दिल्ली पुलिस को फ़ोन किया है। पुलिस के आने के बाद वह यहां से चली जाएंगी।ग़ौरतलब है कि सुश्री मालीवाल 13 मई को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने उनके आवास पर गयी थी। उन्होंने शिकायत में दावा किया है कि जब वह ड्राइंग रूम में इंतजार कर रही थी, उसी समय मुख्यमंत्री के पी ए विभव कुमार ने उनके साथ साथ बदसूलकी की। इस मामले में उन्होंने कल पुलिस के समक्ष अपना बयान भी दर्ज कराया था।
महिला आयोग ने बिभव कुमार के घर चिपकाया नोटिस
राष्ट्रीय महिला आयोग ने राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट करने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव बिभव कुमार के घर पर नोटिस चिपकाया है और शनिवार को आयोग के समय पेश होने को कहा है।महिला आयोग ने शुक्रवार को यहां बताया कि आयोग के अधिकारी और दिल्ली पुलिस के सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइंस) शुक्रवार को बिभव कुमार के घर उन्हें नोटिस देने गए। आयोग ने बताया कि घर पर मौजूद व्यक्तियों ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद महिला आयोग के अधिकारियों ने यह नोटिस बिभव कुमार के घर के बाहर चिपका दिया।
नोटिस में मुख्यमंत्री के निजी सचिव को 18 मई को आयोग के समक्ष पेश होने को कहा गया है।महिला आयोग ने इससे पहले बिभव कुमार को इस मामले में नोटिस जारी किया था और उन्हें आज सुबह 11:00 बजे पेश होने को कहा था।दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष एवं आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस से समक्ष शिकायत दर्ज करायी है कि उनके साथ मुख्यमंत्री आवास पर मारपीट की गई।
केजरीवाल की चुप्पी निंदनीय:भाजपा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री कार्यालय में आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सांसद स्वाती मालीवाल के साथ मारपीट की घटना में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की चुप्पी की निंदा करते हुए शुक्रवार को कहा कि यह पार्टी शुरुआत से ही अराजकता, हिंसा एवं महिला अपमान की प्रतीक रही है।भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि श्री केजरीवाल, जिनकी पार्टी की महिला राज्यसभा सदस्य के साथ बुरी तरह मारपीट की गई, उन्होंने इस मामले पर चुप्पी साध रखी है। यह सचमुच अविश्वसनीय और अस्वीकार्य है।
श्रीमती सीतारमन ने कहा,“ महिला सांसद के साथ मारपीट की घटना मुख्यमंत्री आवास पर हुई, वो भी तब जब मुख्यमंत्री खुद आवास पर मौजूद थे, ये बेहद हैरान करने वाली बात है। मारपीट करने वाला कोई और नहीं बल्कि मुख्यमंत्री का निष्ठावान विश्वासपात्र यानी ‘दाहिना हाथ’ था और पीड़िता कोई और नहीं बल्कि दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष थीं।”उन्होंने कहा कि कल लखनऊ में जब श्री केजरीवाल से प्रेस ने सवाल पूछा कि आपकी महिला राज्य सभा सांसद के साथ हुई घटना पर आपका क्या कहना है? तो बेशर्मी और डर के मारे उन्होंने माइक को दूसरी तरफ घुमा दिया।
वित्त मंत्री ने कहा कि जो कुछ हुआ उसके लिए श्री केजरीवाल को माफी मांगनी चाहिए। सांसद संजय सिंह ने कहा था कि वह ऐसा होने पर कार्रवाई करेंगे, लेकिन अब तक कुछ नहीं किया गया।उन्होंने कहा कि इंडिया समूह ने दिल्ली में चुनाव लड़ने के लिए एक भी महिला उम्मीदवार को मैदान में नहीं उतारा है। ये सभी महिला विरोधी हैं। वे पत्नी के साथ अमानवीय व्यवहार करने वाले नेता सोमनाथ भारती का समर्थन कर रहे हैं।श्रीमती सीतारमन ने कहा कि सुश्री मालीवाल को कल मेडिकल टेस्ट के लिए जाते समय इतना दर्द हो रहा था कि वह चल भी नहीं पा रही थीं। उनके शरीर पर हुए हमले ‘आप’ के आक्रामक स्वभाव के बारे में बहुत कुछ बताते हैं।(वार्ता)
कोर्ट पहुंचीं स्वाति मालीवाल, सीएम हाउस के सामने भाजपा का प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से बदसलूकी का मामला तूल पकड़ता दिखाई दे रहा है। भाजपा लगातार इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी को घेरने में लगी है। वहीं शुक्रवार दोपहर इस मामले में स्वाती मालीवाल तीस हजारी कोर्ट दिल्ली पहुंची है। यहां घटना को लेकर 164 के तहत अपना बयान दर्ज कराएगी।वहीं स्वाति मालीवाल से बदसलूकी के मामले को लेकर भाजपा लगातार आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घेरने में लगी है। इस मामले को लेकर दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा द्वारा सीएम आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। भाजपा अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की कर मांग रही है।
AAP ने भी माना कि स्वाति मालीवाल के साथ हुई बदसलूकी
मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा था कि कल एक घटना हुई। अरविंद केजरीवाल के आवास पर बिभव कुमार (अरविंद केजरीवाल के पीए) द्वारा स्वाति मालीवाल के साथ दुर्व्यवहार की घटना हुई। स्वाति मालीवाल ने इस घटना की सूचना दिल्ली पुलिस को दी। यह एक निंदनीय घटना है। अरविंद केजरीवाल ने घटना का संज्ञान लिया है और सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।आपको बता दें कि सांसद स्वाति मालीवाल ने कुछ दिनों पहले आरोप लगाए थे कि उनके साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर सीएम के पीए ने मारपीट और बदसलूकी की थी।
उन्होंने बताया कि सोमवार को स्वाति मालिवाल सीएम अरविंद केजरीवाल से मिलने के लिए मुख्यमंत्री आवास पहुंची थी। मालीवाल ने अपनी शिकायत में कहा कि मैं सीएम आवास के ड्राइंग रूम तक गई और वहां इंतजार कर रही थी। तभी उनका पर्सनल स्टाॅफ आया और गालियां देने लगा। बिना किसी उकसावे के थप्पड़ मारा। मैंने शोर मचाया और कहा कि मुझे छोड़ दो, जाने दो। लेकिन वह मारता रहा और गालियां देता रहा। धमकियां देता रहा और कहा कि देख लेंगे। निपटा देंगे। उसने चेहरे पर मारा, पेट पर मारा, मैं भाग कर बाहर आई और पुलिस को फोन किया।
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने सीएम अरविंद केजरीवाल के PA विभव कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके पुलिस ने एक्शन भी शुरू कर दिया है। दिल्ली पुलिस को दी गई अपनी लिखित शिकायत में स्वाति मालीवाल ने बताया है कि उन्हें किस तरीके से सीएम आवास में प्रताड़ित किया गया था। सिविल लाइंस पुलिस ने आईपीसी की अन्य धाराओं के अलावा धारा 354, 506, 509 और 323 के तहत मामला दर्ज किया है। सूत्रों के मुताबिक स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल के पीए बिभव कुमार पर जो गंभीर आरोप लगाए हैं, उस लिहाज से सीएम आवास के सीसीटीवी फुटेज के कैमरों में ये घटना कैद हुई होगी, उन सभी का डेटा अब पुलिस खंगालेगी। स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल के पीए बिभव कुमार का नाम पीसीआर कॉल्स में लिया है और अब तक एफआईआर भी उन्हीं के खिलाफ दर्ज हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज में उनकी उपस्थिति भी देखेगी।(वीएनएस)
https://x.com/AHindinews/status/1791500286307254595
https://x.com/AHindinews/status/1791471732748132682
https://x.com/AHindinews/status/1791466567722770873



