National

सीएम योगी ने चुनावी रण का फूंका बिगुल, संवाद कर बताई पार्टी की प्राथमिकताएं

मुख्यमंत्री योगी ने मथुरा, मेरठ और गाजियाबाद में प्रबुद्धजनों को किया संबोधित.मथुरा में हेमामालिनी, मेरठ में अरुण गोविल और गाजियाबाद में अतुल गर्ग के लिए सीएम ने किया प्रचार.मोदी सरकार की उपलब्धियों को सीएम योगी ने प्रबुद्धजनों के सामने रखा.

  • बोले सीएम – 500 साल बाद अवध में रघुवीरा ने खेली है होली
  • कहा- 18वीं लोकसभा में जनता के सामने असमंजस की स्थिति नहीं
  • एक वोट से बदल जाती है देश की तकदीर : सीएम योगी

मथुरा/मेरठ/गाजियाबाद । बीजेपी के स्टार प्रचारक और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मथुरा में श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लेकर लोकसभा चुनाव 2024 का शंखनाद कर दिया है। सीएम ने यहां से भाजपा प्रत्याशी और वर्तमान सांसद हेमामालिनी के पक्ष में प्रबुद्धजनों से संवाद स्थापित किया। वहीं मेरठ में मशहूर टीवी धारावाहिक रामायण के ‘राम’, अरुण गोविल और गाजियाबाद में बीजेपी प्रत्याशी अतुल गर्ग के लिए प्रचार अभियान की कमान संभाली। सीएम योगी ने इस दौरान मोदी सरकार के 10 साल की उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखा। उन्होंने गरीब कल्याण, आस्था का सम्मान, विकास, सुरक्षा और इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट से जुड़े मुद्दों को प्रबुद्धजनों के समक्ष रखते हुए विरोधियों पर भी जमकर निशाना साधा। सीएम ने प्रबुद्धजनों को एक वोट की ताकत बताई, साथ ही कहा कि 500 साल बाद अवध में हमारे रघुवीरा ने भव्य होली खेली है। उन्होंने यह भी कहा कि इसबार 18वीं लोकसभा में जनता के सामने कहीं भी असमंजस की स्थिति नहीं है।

मोदी जी का पक्ष जीरो टालरेंस का पक्षधर है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनावी समर में दो पक्ष स्पष्ट नजर आ रहे हैं। एक के लिए फैमिली फर्स्ट है तो मोदी के नेतृत्व वाले पक्ष के लिए नेशन फर्स्ट है। एक पक्ष अपने कृत्यों से माफिया राज को प्रश्रय देता है तो मोदी जी का पक्ष कानून के राज को प्रभावी ढंग से लागू करता है। एक पक्ष भ्रष्टाचार को बढ़ावा देता है तो मोदी जी का पक्ष जीरो टालरेंस का पक्षधर है। एक पक्ष तुष्टिकरण, जाति-मत-मजहब के आधार पर समाज को बांटना चाहता है, लेकिन दूसरे पक्ष में मोदी जी के नाम पर सबका साथ, सबका विकास के माध्यम से गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव जरूरतमंदों को देने का भाव दिखाई देता है। एक तरफ फैमिली फर्स्ट की बात करने वाले लोग हैं तो दूसरी तरफ 140 करोड़ लोगों को परिवार मानने वाले मोदी हैं। हमें मोदी के परिवार का हिस्सा बनकर नए भारत का दर्शन करना है।

500 साल बाद अवध में रघुवीरा ने खेली है होली
वहीं मेरठ में प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि तीन दशक पहले जिस तरह अरुण गोविल ने रामायण में मजबूती के साथ श्रीराम के जीवन को जीवंत किया था, आज वो मेरठ की पहचान बनने जा रहे हैं। अरुण गोविल अब मेरठ में इतिहास रचेंगे, क्योंकि मेरठ इतिहास में दर्ज नहीं होता, बल्कि ये हमेशा इतिहास रचता है। उन्होंने कहा कि पहले होली पर ‘होली खेले रघुवीरा अवध में…’ गीत गाये जाते थे, मगर जब हम अयोध्या जाते थे तब वहां होली खेलते रघुवीर नहीं मिलते थे। इस बार 500 वर्ष बाद अयोध्या में श्रीराम ने पूरी भव्यता के साथ होली खेली है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मेरठ में हो रहे परिवर्तनों का साक्षी आज पूरा देश बन रहा है। यहां 32 हजार करोड़ रुपये से रैपिड रेल का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे बनने से मेरठ के लोग एक घंटे से भी कम समय में दिल्ली पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय मेरठ में बनाया जा रहा है। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए कहा कि यही विकास की तस्वीर है।

जीवन की सुगमता के लिए एक-एक वोट की कीमत है
मुख्यमंत्री ने सबसे आखिर में गाजियाबाद में प्रबुद्धजनों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने शहर के डॉक्टर, प्रोफेशनल्स, सीए, टीचर्स और उद्यमियों के बीच पार्टी प्रत्याशी अतुल गर्ग के पक्ष में मतदान करने की अपील की। सीएम योगी ने कहा कि उग्रवाद व आतंकवाद के ताबूत पर आखिरी कील ठोक दी गई। अब हमारे सुरक्षा जवानों पर पत्थरबाजी नहीं होती, बल्कि लोकतंत्र की बहारें जम्मू-कश्मीर के अंदर खिलते हुई दिखाई दे रही हैं। आपके एक वोट ने पूर्वोत्तर भारत को उग्रवाद से मुक्त कर दिया। सीएम ने कहा कि देश से आवाज आ रही है ‘अबकी पार-400 पार’, ‘फिर एक बार मोदी सरकार’। सीएम योगी ने कहा कि जीवन की सुगमता के लिए एक-एक वोट की कीमत है। सुरक्षा, बेहतर वातावरण, अच्छी कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा व व्यापार के लिए अनुकूल माहौल हो, 2014 के पहले देश व 2017 के अंदर प्रदेश में ऐसा माहौल नहीं था। 1998 में मैं सांसद था, गाजियाबाद आने में हम हिचकते थे। गाजियाबाद अपराध व दूसरा गंदगी के लिए जाना जाता था। आज गाजियाबाद स्मार्ट सिटी में नंबर वन है।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button