Politics

दिग्विजय सिंह का लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार

भोपाल । लोकसभा चुनाव 2024 में अब ज्यादा समय बाकी नहीं रह गया है। ऐसे में कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों ने जीत की आस में अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। हालांकि, कांग्रेस को बिहार, बंगाल और पंजाब से बुरी खबरें मिल रही हैं।इस बीच पार्टी के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने संवादाताओं से बात करते हुए इस बात की जानकारी दी कि वह 2024 में लोकसभा चुनाव के मैदान में नहीं उतरेंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह शनिवार को मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर शहर में थे। यहां दिग्विजय ने आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार करते हुए कहा कि चुनाव लड़ने का सवाल ही नहीं उठता क्योंकि मैं राज्यसभा का सदस्य हूं और अभी भी राज्यसभा के कार्यकाल में दो साल से अधिक का समय बाकी है। उन्होंने कहा कि राजगढ़ से उम्मीदवार का फैसला कांग्रेस करेगी।

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भोपाल लोकसभा सीट से किस्मत आजमाई थी। लेकिन भाजपा नेता प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने दिग्विजय को 3.65 लाख मतों के अंतर से हरा दिया था। ये हार दिग्विजय के लिए बड़े झटके की तरह मानी गई थी। बता दें कि दिग्विजय सिंह ने साल 1984 और 1991 में राजगढ़ लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था।

देश में कुछ ही महीनों में लोकसभा चुनाव की शुरुआत हो जाएगी। भाजपा ने साल 2019 में हुए चुनाव में मध्य प्रदेश की 29 में से 28 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। साल 2014 में भी भाजपा ने राज्य की 27 सीटें जीती थीं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य में फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाई है। इसलिए पार्टी को उम्मीद है कि इस बार भी लोकसभा चुनाव में वह पहले की तरह ही प्रदर्शन को दोहराएगी ।(वीएनएस )

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button