
कांग्रेस में हर आदमी की बात सुनी जाती है : राहुल
भाजपा को सत्ता से बाहर कर देश को बर्बाद होने से बचाना जरूरी : खडगे
नागपुर : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजा महाराजाओं की तरह काम करती है और हर काम के लिए ऊपर के आदेश का पालन किया जाता है, लेकिन कांग्रेस में आम कार्यकर्ता की बात सुनी जाती है और साधारण कार्यकर्ता भी नेतृत्व तक अपनी बात पहुंचा सकता है।कांग्रेस के 139वें स्थापना दिसव के अवसर पर यहां आयोजित विशाल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में जनता को न्याय नहीं मिल रहा है। देश में दलितों, आदिवासियों, ओबीसी आदि के साथ अन्याय हो रहा है और उन्हें तब तक न्याय नहीं मिल सकता है जब तक देश में जाति के आधार पर जनगणना नहीं होती है। उनका कहना था कि कांग्रेस जब केंद्र में सत्ता में आएगी तो देश में जाति के आधार पर जनगणना की जाएगी। कांग्रेस नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने का काम करती है और पूरे देश में, पूरे समाज में सौहार्द तथा भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए काम करती है।
श्री गांधी ने कहा कि लोगों को लग रहा है कि देश में सत्ता की लड़ाई चल रही है, लेकिन सच यह है कि यह लड़ाई दो विचारधाराओं के बीच है। भाजपा की विचारधारा राजाओं की विचारधारा है, वह किसी की सुनते नहीं हैं। भाजपा में आदेश ऊपर से आता है और सभी को मानना पड़ता है। जबकि कांग्रेस पार्टी में आवाज कार्यकर्ताओं से आती है और हम उसका सम्मान करते हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा में जो भी काम होता है उसके लिए ऊपर से आदेश आता है लेकिन कांग्रेस में छोटा से छोटा कार्यकर्ता भी हमकों टोककर हमसे अपनी बात कह सकता है। महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष जब भाजपा में थे तो उन्होंने जीएसटी में किसानों की हिस्सेदारी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछ लिया था तो उनको भगा दिया गया लेकिन कांग्रेस में सामान्य व्यक्ति को भी बोलने की आजादी है।
कांग्रेस नेता ने कहा “हमारी विचारधारा कहती है कि देश की लगाम देश की जनता के पास रहनी चाहिए और देश को राजशाही की तरह नहीं बल्कि लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जाना चाहिए। उनका कहना था कि जनता के वोट के कारण संवैधानिक संस्थाएं बनती हैं, लेकिन आरएसएस का सब संस्थानों पर कब्जा हो गया है। विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की नियुक्ति सिर्फ एक विचाधारा के लोगों से की जा रही है।”उन्होंने बेरोजगारी का भी मुद्दा उठाया और कहा कि देश में बेरोजगारी चरम पर है। इतनी बेरोजगारी कभी देश में नहीं रही है। देश का युवा बेरोजगार है इसलिए वह घंटों मोबाइल पर लगा रहता है। देश की तिजोरी चंद पूंजीपतियों के लिए खोल दी गई है और देश का पैसा उनको दिया जा रहा है। बेरोजगारी की हालात यह है कि एक लाख 50 हजार युवाओं को सेना ने योग्य माना है और उनको नौकरी देने की तैयारी की जाने लगी, लेकिन मोदी सरकार ने अग्निवीर योजना शुरु की और इन डेढ लाख लोगों के लिए सेना और वायुसेना के दरवाजे बंद हो गये। ये युवा रो रहे हैं कि सरकार ने उनकी जिंदगी को बर्बाद कर दिया है। उन्हें अग्निवीर योजना का भी हिस्सा नहीं बनने दिया।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का परिणाम रहा कि कांग्रेस ने तेलंगाना, कर्नाटक, हिमाचल में सरकार बनाई और अब जब श्री गांधी पूरब से पश्चिम की यात्रा त्रिपुरा से शुरु करेंगे तो देश के कई राज्यों में सरकार बनाएगी।कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख डी के शिवकुमार ने सभी एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि राजनीति में कभी एक जैसी स्थिति नहीं रहती और पूरा देश बदलाव का इंतजार कर रहा है।
भाजपा को सत्ता से बाहर कर देश को बर्बाद होने से बचाना जरूरी : खडगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने डर का माहौल पैदा कर संवैधानिक संस्थाओं को तबाह कर दिया है इसलिए देश को बर्बाद होने से बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करने की सख्त जरूरत है।श्री खड़गे ने कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर यहां आयोजित विशाल रैली को संबोधित करते हुए आज कहा कि पिछले दस साल में देश को बर्बादी के रास्ते पर ले जाने का काम हुआ है और भाजपा को यदि सत्ता से बाहर नहीं किया गया तो देश तबाही के रास्ते पर निकल पड़ेगा इसलिए संविधान को बचाने के लिए भाजपा सरकार को केंद्र की सत्ता से बाहर करना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार डरा धमकाकर हर हाल में सत्ता पर काबिज रहना चाहती है लेकिन कांग्रेस और उसके कार्यकर्ता किसी से डरने वाले नहीं है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को कोई डरा नहीं सकता और ये किसी से डरने वाले भी नहीं हैं। डरने वालों ने आजादी की लड़ाई के समय डर के मारे माफी मांगी थी। कांग्रेस ने निडर होकर आजादी की लड़ाई लड़ी और अंग्रेजों को बाहर कर देश को आजादी दिलाई है लेकिन भाजपा की विचारधारा के लोगों ने डर के कारण माफी मांगी।
श्री खड़गे ने संसद में सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया और कहा कि भाजपा सरकार संसद में सुरक्षा का मुद्दा उठाने वाले विपक्षी दलों के लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उनका कहना था कि संसद की सुरक्षा पर सेंघ लगी है और जब कांग्रेस तथा विपक्ष के अन्य दलों के नेताओं ने इसके खिलाफ आवाज उठाई तो उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया गया। भाजपा के जिस सांसद के सहयोग से उपद्रवी संसद में पहुंचे उसको दंडित नहीं किया जा रहा है और इसकी बजाए 140 से ज्यादा विपक्ष के सांसदों को बाहर का रास्ता दिखाया गया।कांग्रेस नेता ने महिलाओं के सशक्तीकरण को जरूरी बताया और कहा कि केंद्र में यदि कांग्रेस की सरकार बनती है तो कांग्रेस देश में न्याय योजना लागू करेगी। गरीबों को न्याय मिले इसके लिए न्याय योजना लाएंगे और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए उन्हें निश्चित राशि निरंतर उपलब्घ कराने का प्रावधान करेंगे। महिलाएं सशक्त होंगी तो देश सशक्त होगा। महिलाएं देश की शक्ति है और आने वाले आम चुनाव में कांग्रेस की जीत होती है तो कांग्रेस सरकार न्याय योजना को लागू करेगी।
उन्होंने कहा “ कांग्रेस का 139 साल का गौरवशाली इतिहास है आप लोगों ने और आपके पूर्वज तमाम ऐतिहासिक घटनाओं के साक्षी रहें है इसलिए मैं देश के आम कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि कांग्रेस से जुड़े पुराने दस्तावेज, फोटो आदि जो भी कांग्रेस से संबंधित पत्र आदि किसी के पास उपलब्ध हों उन्हें कांग्रेस मुख्यालय में भेजें उन्हें वहां कांग्रेस के नये मुख्यालय में सुरक्षित रखा जाएगा। इस तरह के दस्तावेज जो भी व्यक्ति उपलब्ध कराएगा उसके नाम का दस्तावेज में उल्लेख किया जाएगा। इस मौके पर मैं देश भर के कांग्रेसजनों से अपील करता हूं कि वो पार्टी से जुड़े विभिन्न भाषाओं के पुराने साहित्य, तस्वीर, पत्र और ऐतिहासिक दस्तावेजों को स्कैन कर दिल्ली मुख्यालय भेजें। हम उन्हें कांग्रेस के आर्काइव में रखेंगे।”(वार्ता)
LIVE: Congress' #HainTaiyaarHum mega rally in Nagpur, Maharashtra. https://t.co/26fTi4YjIv
— Congress (@INCIndia) December 28, 2023



