National

नये विचाराें को खुलेमन से स्वीकार करें युवा: धनखड़

किसानों को मार्केटिंग मेकैनिज्म सीखना होगा:धनखड़

नयी दिल्ली : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने युवाओं से नये विचारों को खुले मन से स्वीकार करने का आह्वान करते हुए मंगलवार को कहा कि वे“ पुनर्उदित भारत के अग्रदूत” है।उपराष्ट्रपति ने आज हरियाणा के रोहतक में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज युवाओं के लिए अवसरों की विशाल संभावनाएं मौजूद हैं और वर्तमान परिवेश में कुछ भी असंभव नहीं है। उन्हाेंने छात्रों को जीवन भर ज्ञान और सीखने की खोज जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि भारत वर्तमान में काफी हद तक स्वामी दयानंद के सपनों का प्रतिबिंब है।

युवाओं “ पुनर्उदित भारत के अग्रदूत” करार देते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि युवाओं ने कृषि क्षेत्र में क्रांति ला दी है, दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इको-सिस्टम बनाया है और उनका योगदान ऐसा है कि भारत वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा। उन्होंने कहा कि दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, मशीन लर्निंग, ग्रीन हाइड्रोजन और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी प्रौद्योगिकियों का सामना कर रही है, जिसके मद्देनजर सरकार ने क्वांटम कंप्यूटिंग के लिए 6000 करोड़ और ग्रीन हाइड्रोजन मिशन के लिए 9000 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की है। इस निवेश के कारण वर्ष 2030 तक आठ लाख करोड़ का निवेश होगा और लगभग छह लाख नौकरियां पैदा होंगी।

श्री धनखड़ ने कहा कि सत्यनिष्ठा, जवाबदेही और पारदर्शिता शासन के ऐसे तत्व हैं, जिनके साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा,“ स्थिति यह है कि कुछ लोग सोचते हैं कि कोई एजेंसी हमारी जांच – पड़ताल नहीं कर सकती, कुछ लोग सोचते हैं कि हम कानून की पहुंच से परे हैं। वह परिदृश्य पूरी तरह ध्वस्त हो गया है।”उन्होंने सवाल उठाया, “ भारतीयता में विश्वास और भारत का नागरिक होने का दावा करने वाला कोई भी व्यक्ति देश की अखंडता को कैसे कमजोर कर सकता है, कैसे इसकी प्रगति में बाधा डाल सकता है, या इसके संवैधानिक संस्थानों को कैसे बदनाम कर सकता है।”

किसानों को मार्केटिंग मेकैनिज्म सीखना होगा:धनखड़

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने किसानों से ‘मार्केटिंग मेकैनिज्म’ सीखने का आह्वान करते हुए मंगलवार को कहा कि इससे दुनिया का सबसे बड़ा कारोबार कृषि से जुड़ा हुआ है।श्री धनखड़ ने हरियाणा के हिसार में केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किसान परिवार को बाजार की दिशा में सोचना चाहिए और बाजार को समझना चाहिए।

उन्होंने कहा,“किसान परिवार के कृषक पुत्रों को सोचना पड़ेगा कि दुनिया में सबसे बड़ा व्यापार यदि अगर आज के दिन में कोई है, तो वह कृषि उत्पादन से जुड़ा हुआ है। आप गेहूं को ले लो, चावल को ले लो, बाजरे को ले लो, मिलेट को ले लो… चाहे तो सब्जी को ले लो, फल को ले लो, थोड़ा और आगे जाएं पशुधन में देख लो, दूध को ले लो। किसान को एक अच्छा मार्केटिंग मेकैनिज्म अपनाना पड़ेगा।”

उन्होंने कहा कि किसान के परिवार में प्रतिभा है और इसका प्रयोग किया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था के विकास और स्थायित्व में किसान का बहुत बड़ा योगदान है। किसान को कृषि मंडी के माध्यम से जो कृषि के व्यापार में भागीदारी बढ़ानी चाहिए। इससे किसान की अर्थव्यवस्था में बहुत बड़ा बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि किसान को बाजार की समझ देने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद को एक पाठ्यक्रम शुरु करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान भारत की अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ की हड्डी है।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button