
इटावा : उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के लखना वन रेंज के उग्रपुरा गांव में शुक्रवार को तीन राष्ट्रीय पक्षी मोर की संदिग्ध हालत में मौत से हड़कंप मच गया है। कड़ाके की सर्दी या फिर जहरीले कीटनाशक से मोरो की मौतों की आशंका जताई जा रही है।
इटावा के प्रभागीय वन निदेशक अतुल कांत शुक्ला ने बताया कि लखना वन रेंज से जुड़े उग्रपुरा गांव में गेंहू के खेत में तीन राष्ट्रीय पक्षी मोरों के शव आज बरामद किए गए हैं, जिनको पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया गया है। ऐसा माना जा रहा है कि कड़ाके की सर्दी की जद में आकर के पक्षियों की मौत हुयी है लेकिन यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी कीटनाशक के खेत में डालने के कारण उसके सेवन के बाद राष्ट्रीय पक्षी मोर इसकी जद में आए हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है जिसकी रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। (वार्ता)



