कटनी/छिंदवाड़ा : केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राम मंदिर को लेकर आज कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) धर्म और धैर्य की पार्टी है, लेकिन जिस कांग्रेस ने प्रभु श्रीराम के अस्तित्व को नकारा था, आज उसे मध्यप्रदेश की जनता नकारने की तैयारी में है।श्रीमती ईरानी ने जिले के कटनी जिले के बरही और छिंदवाड़ा जिले के चौरई में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म औऱ धैर्य की पार्टी है, लेकिन जिस कांग्रेस ने प्रभु श्रीराम के अस्तित्व को नकारा था, अब देश और मध्यप्रदेश की जनता उसे नकारने के लिए तैयार है। कांग्रेस हमारा मजाक उड़ाती थी, कहती थी मंदिर वहीं बनाएंगे, तारीख नहीं बताएंगे। हम मंदिर भी बना रहे हैं और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए 22 जनवरी की तारीख भी बता दी है।केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आप विधानसभा चुनाव में कमल का बटन दबाएं, भाजपा को जिताएं और फिर रामलला के दर्शन के लिए जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना संकट में देश का जिस कुशलता के साथ नेतृत्व किया, वह एक मिसाल है। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से जब हमारे वैज्ञानिकों ने दो-दो वैक्सीन बनाई, तो कांग्रेस ने उसकी भी आलोचना की। कांग्रेस के लोगों ने उसे ‘मोदी की वैक्सीन’ बताकर देश की जनता को भ्रमित किया, लेकिन बाद में चुपचाप वैक्सीन लगवा ली।श्रीमती ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार ने कोरोना संकट के दौरान देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज देकर किसी गरीब को भूखा नहीं रहने दिया।
इस योजना के कारण लोगों के जीवन में आ रहे बदलावों को देखते हुए प्रधानमंत्री ने इसे अगले पांच सालों के लिए आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। लेकिन भाजपा सरकार गरीबों को मुफ्त राशन दे रही है, तो कांग्रेस को दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि असल में कांग्रेस गरीबों को गरीब ही बनाए रखना चाहती है, ताकि उनका वोट बैंक बना रहे।
कांग्रेस ने विकास को नहीं घोटालों को दी तवज्जो: सिंधिया
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार पर आज जमकर हमला करने हुए कहा कि पंद्रह महीने की सरकार में इन्होंने विकास को नहीं घोटालों को तवज्जो दिया।श्री सिंधिया ने जिले के घट्टिया विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी सतीश मालवीय के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया । उन्होंने कहा कि भाजपा का मकसद गरीब कल्याण और विकास रहा, लेकिन कांग्रेस ने अपनी पंद्रह महीने की सरकार में घोटालों को तवज्जो दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का विकास से कोई लेना-लेना देना नहीं।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ को बड़े भाई छोटे भाई की जोड़ी बताया और कहा कि इन्होंने मध्यप्रदेश को गड्डे में डालकर छोड़ दिया था, जिसे भाजपा ने विकसित राज्य बनाया।केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2018 में ऐलान किया गया था कि मध्यप्रदेश में सरकार आने के बाद किसानों का कर्जा माफ कर देंगे। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि 10 दिन में कर्जा माफ नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री बदल देंगे, लेकिन कर्जा माफ नहीं किया गया, बल्कि किसानों को डिफाल्टर बना दिया।श्री सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीबों को छला है। बस उन्हें गरीब कहकर उनके वोटों को हासिल किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दूसरी तरफ गरीबी को करीब से देखा और जब मौका आया तो गरीब कल्याण के लिए सारे रास्तों को खोल दिया। आज प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 45 लाख से ज्यादा आवास गरीबों को मिले हैं। देश में 80 करोड़ लोगों को अब आने वाले पांच सालों तक और मुफ्त में राशन मिलेगा।श्री सिंधिया ने कहा कि उज्जैन सिंधिया साम्राज्य की राजधानी थी। उस दौरान भी कई विकास काम किए गए। इस क्षेत्र की धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत को दोबारा संजोने का कार्य पहले परिवार ने किया था। भाजपा की राज्य और केंद्र सरकार हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहजने का काम कर रही है।(वार्ता)



