हांगझोउ : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को 19वें एशियाई खेल में गत चैंपियन जापान पर 5-1 से शानदार जीत हासिल कर स्वर्ण पदक जीता और 2024 पेरिस के लिए स्थान पक्का किया।एशियाई खेलों में पुरुष फील्ड हॉकी में यह भारत का चौथा स्वर्ण पदक है। भारत ने इससे पहले 1966, 1998 और 2014 में स्वर्ण पदक जीता था। भारतीय टीम के फॉरवर्ड सुखजीत सिंह ने जापान के खिलाफ मैच में अपनी 50वीं अंतर्राष्ट्रीय कैप अर्जित की। फाइनल में भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह (32′, 59′), मनप्रीत सिंह (25′), अमित रोहिदास (36′) और अभिषेक (48′) ने गोल किए। जापान के लिए एकमात्र गोल सेरेन तनाका (51′) ने किया।
अफगानिस्तान पाकिस्तान को चार विकेट हराकर फाइनल में पहुंचा
एशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में शुक्रवार को अफगानिस्तान ने पहले गेंद और फिर नूर अली के 33 गेंदों में 39 रन तथा कप्तान गुलबदीन नईब के नाबाद 26 रन की बदौलत बड़ा उलटफेर करते हुए पाकिस्तान को चार विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। फाइनल में शनिवार को अफगानिस्तान और भारत के बीच भिडंत होगी।अफगानिस्तान 116 रनों के लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी लेकिन उसकी शुरूआत अच्छी नहीं रही और उसने चार ओवर तीन गेंदों में अपने तीन विकेट 35 रन के स्कोर पर गंवा दिये।
सलामी बल्लेबाज सेदिक़ुल्लाह अटल को पांच रन को कासिम ने पगबाधा आउट किया। मोहम्मद शहजाद को नौ रन पर अराफ़ात मिन्हास बोल्ड आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर शाहीदुल्लाह को बिना खाते खोले अराफात मिन्हास ने कासित के हाथों कैच आउट करा कर पवेलियन भेज दिया। नूर अली हालांकि 39 रन एक छोर पर डटे रहे। उन्हें हालांकि 12वें ओवर की पांचवी गेंद पर सुफियान मकीम ने हैदर के हाथ कैच आउट करा कर अफगानिस्तान टीम को तगड़ा झटका दिया।
इसके बाद अफ़सर जजाई 13 रन को कादिर ने आसिफ के हाथों कैच आउट कराया। छठें विकेट के रूप में करीम जनत तीन रन कादिर की गेंद पर आसिफ को कैच थमा दिया। कप्तान गुलबदीन नईब के नाबाद 26 रन और शराफ़उद्दीन अशरफ छह रन पर नाबाद रहे। दोनों बल्लेबाजों ने 13 गेंदे शेष रहते 116 रन का लक्ष्य पूरा कर पाकिस्तान की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
भारत नेपाल को हराकर महिला कबड्डी के फाइनल में पहुंचा
एशियाई खेल 2023 में भारतीय महिला कबड्डी टीम शुक्रवार को सेमीफाइनल मुकाबले में नेपाल को 61-17 से हराकर फाइनल में पहुंच गयी है। भारत ने अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए लगातार चौथी बार एशियाई खेलों की कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बनाई है।भारतीय कबड्डी टीम शनिवार को फाइनल मुकाबला ईरान और चीनी ताइपे के बीच होने वाले सेमीफाइनल मैच के विजेता से होगा।
आज यहां ज़ियाओशान गुआली स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए एकतरफा मुकाबले में भारत ने नेपाल को पांच बार ऑल-आउट किया, जबकि नेपाल की कबड्डी टीम पूरे मुक़ाबले के दौरान भारत की बेहद संतुलित टीम के आगे संघर्ष करती दिखी।रितु नेगी की अगुवाई में भारतीय टीम महिला टीम ने नेपाल के ख़िलाफ़ बेहद आक्रामक अंदाज में शुरुआत की। पूजा हाथवाला के दमदार रेड की बदौलत मैच शुरू होने के कुछ ही मिनट के बाद भारत ने नेपाल को ऑल-आउट कर दिया और 14-5 की बढ़त हासिल की। भारतीय रेडरों ने लगातार नेपाल पर दबाव बनाए रखा और जल्द ही मैच में दूसरी बार विरोधी टीम को ऑल-आउट किया।
हाफ टाइम तक भारत ने 29-10 के स्कोर के साथ 19 अंकों की बड़ी बढ़त बना ली थी।पहले हाफ में पूजा हाथवाला और पुष्पा के जोरदार रेड का नेपाल के पास कोई जवाब नहीं था। वहीं, निधि शर्मा ने भी भारत के प्वाइंट्स में तेजी से इज़ाफ़ा किया। दूसरे हाफ में भी पूजा और पुष्पा ने लगातार अंक हासिल करते हुए तीसरी बार नेपाल की टीम को ऑल-आउट किया। इस बीच निधि शर्मा ने कुछ अंक बटोरे और सेमीफाइनल मैच में विरोधी टीम पर भारतीय टीम स्पष्ट रूप से हावी दिखी।
मैच का नियमित समय ख़त्म होने से पहले भारतीय महिला कबड्डी टीम ने नेपाल को दो बार और ऑल-आउट किया।इस तरह भारतीय महिला टीम ने अंत में 61-17 के बड़े अंतर के साथ जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में नेपाल को हराने से पहले भारत ने चीनी ताइपे के ख़िलाफ़ पहला मैच ड्रॉ (34-34) खेला, और उसके बाद दक्षिण कोरिया को (56-23) और थाईलैंड (54-22) को हराया था।
अंकिता, सिमरनजीत और भजन की जोड़ी ने तीरंदाजी में जीता कांस्य पदक
चीन में चल रहे 19वें एशियाई खेलों में शुक्रवार को अंकिता, सिमरनजीत और भजन की भारतीय जोड़ी ने वियतनाम को हराकर महिला रिकर्व तीरंदाजी स्पर्धा में कांस्य पदक जीत लिया है।आज यहां हुए कांस्य पदक मुकाबले में भारत की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने वियतनाम की डो थी आन एनगुएट, एनगुएन थी थान नी और हाओंग फुओंग थाओंग की टीम को 6-2 (56-52, 55-56, 57-50, 51-48) से हरा कर कांस्य पदक जीता।इससे पहले, भारतीय टीम को सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया से 6-2 से हार मिली थी। इसके बाद आज भारत को वियतनाम के साथ कांस्य पदक मुकाबला में जीत हासिल हुई।
भारत बंगलादेश को नौ विकेट से हरा फाइनल में पहुंचा
एशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट के पहले सेमीफाइनल में शुक्रवार को भारत ने तिलक वर्मा के 26 गेंदों में नाबाद 55 रनों की आतिशी पारी और वॉशिंगटन सुंदर की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत बंगलादेश को नौ विकेट से हरा कर फाइनल में पहुंच गया है। इसी के साथ इस स्पर्धा में भारत का कम से कम रजत पदक पक्का हो गया है।चीन में खेले जा रहे एशियाई खेलों में आज पुरूष क्रिकेट मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बंगलादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 96 रन बनाए।भारत ने 97 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए हालांकि शून्य के स्कोर पर अपना पहला विकेट यशस्वी जायसवाल के रूप में गंवा दिया था।
यशस्वी जायसवाल को रिपोन मोंडल ने मृत्युंजय चौधरी के हाथों कैच कराया। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा ने पारी संभाली है। दोनों बल्लेबाज तूफानी बल्लेबाजी करते हुए विकेट के चारों ओर रन बटोरे। दोनों के बीच हुई 95 रनों की साझेदारी ने भारतीय टीम को 9.2 ओवर में आसानी से जीत दिला दी। बंगलादेश की ओर से रिपोन मोंडल को 26 रन देकर एक विकेट मिला।इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए बंगलादेश ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 96 रन बनाए। बंगलादेश की ओर से सबसे अधिक नाबाद 24 रन जाकिर अली ने बनाए तथा परवेज हुसन ने 23 रन का योगदान दिया।
इन दोनों के अलावा सिर्फ राकिबुल हसन 14 रन ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। बंगलादेश के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए इनमें से उसके दो बल्लेबाज ज़ाकिर हसन और रिपोन मोंडल शून्य पर पवेलियन लौट गये। हसन को सुंदर ने जायसवाल के हाथों कैच आउट कराया। वहीं मोंडल अर्शदीप की गेंद पर रिंकू ने कैच आउट किया। बंगलादेश को पहला झटका पांचवें ओवर में महमुदुल हसन जॉय पांच रन के रूप में लगा। उन्हें साई किशोर की गेंद जायसवाल कैच आउट किया।21 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का दूसरा विकेट कप्तान सैफ हसन एक रन के रूप में गिरा। वह सुंदर की गेंद पर रिंकू को कैच थमा बैठे।
परवेज हुसैन 32 गेंद में 23 रन बनाकर आउट होने वाले चौथे बल्लेबाज रहे। उन्हें तिलक वर्मा ने उन्हें ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। साई किसोर ने अफीफ हुसैन को सात रन के स्कोर पर आउट किया। शिवम दुबे ने उनका कैच पकड़ा। दुबे मैच में तीसरा विकेट झटका। मृत्युंजय चौधरी 11 गेंद में चार रन के रूप में बंगलादेश ने अपना सात विकेट गवायां। उन्हें रवि बिश्नोई ने विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथों कैच कराया। उसके बाद राकिबुल हसन छह गेंद में 14 रन बनाकर आउट हुए हैं। उन्हें शाहबाज अहमद ने तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया।
रिपोन मंडल को शून्य पर अर्शदीप ने रिंकू के हाथों कैच आउट करा कर बंगलादेश की टीम को नौ विकेट पर 96 रन पर समेट दिया।भारत की ओर से रवि साई किशोर ने तीन विकेट लिए। वॉशिंगटन सुंदर को दो विकेट मिले। अर्शदीप सिंह, तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई और शाहबाज अहमद को एक-एक विकेट मिले।
कुश्ती में अंतिम पंघाल ने जीता कांस्य पदक
भारतीय पहलवान अंतिम पंघाल ने गुरुवार को महिलाओं की फ्रीस्टाइल 53 किग्रा में स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है।चीन में चल रहे 19वें एशियाई खेलों में पंघाल ने आज टोक्यो 2020 ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता मंगोलिया की बोलोरतुया बैट-ओचिर को 3-1 से हराया। अंतिम पंघाल मौजूदा अंडर-20 विश्व चैंपियन भी हैं।(वार्ता)
Congratulations to Indian Hockey team for winning the highly coveted Gold Medal in Mens Hockey event at the Asian Games. It is a marvellous victory. This victory will help in further popularising the sport in the 21st century. pic.twitter.com/53HO7Hb0cf
— Rajnath Singh (मोदी का परिवार) (@rajnathsingh) October 6, 2023



