
हांगझोउ : भारत के ज्योति वेन्नम और ओजस देवताले ने बुधवार को तीरंदाजी के कंपाउंड मिश्रित स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया है।चीन में चल रहे 19वें एशियाई खेलों में आज ज्योति और ओजस की जोड़ी ने फाइनल में दक्षिण कोरिया के सो चायवान और जू जायेहून के हराकर स्वर्ण पदक जीता। मुकाबले में ज्योति वेन्नम और ओजस देवताले ने 159 का स्कोर किया। जबकि कोरियाई जोड़ी ने 158 का स्कोर किया।
भारतीय जोड़ी के सामने कोरियाई जोड़ी टिक नहीं सकी और मुकाबला हार गई। इस पदक जीतने के साथ ही भारत ने एशियाई में एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है।इससे पहले भारतीय तीरंदाज ज्योति और ओजस ने सेमीफाइनल में कजाखस्तान की आदेल झेशेनबिनोवा और आंद्रे त्युत्युन की जोड़ी को को 159-154 से हराते हुए स्वर्ण पदक मुकाबले में प्रवेश किया था। भारतीय जोड़ी ने क्वार्टरफाइनल में मलेशिया की जोड़ी मोहम्मद जुवैदी बिन माजुकी और फातिन नूरफतेहाह मेट सालेह को मात दी थी।
भारत की प्रवीण हुड्डा ने मुक्केबाजी में जीता कांस्य पदक
चीन में चले एशियाई खेलों में बुधवार को महिलाओं के 57 किलोग्राम वर्ग में मुकाबले में भारत की प्रवीण हुड्डा ने कांस्य पदक जीता है।आज यहां हुए सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय मुक्केबाजी में प्रवीण हुड्डा को चीनी ताइपे की लिन के खिलाफ हार के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा है।
स्क्वैश में अनहत-अभय ने जीता कांस्य, दीपिका-हरिंदर की जोड़ी फाइनल में
स्क्वैश में भारत की अनहत-अभय की जोड़ी ने बुधवार को मिश्रित युगल सेमीफाइनल में कांस्य पदक जीत लिया है। वहीं एक अन्य मुकाबले में दीपिका-हरिंदर ने हांगकांग के खिलाफ अपना मुकाबला जीते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है।चीन में चल रहे 19वें एशियाई खेलों में आज इस भारतीय जोड़ी को मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में मलयेशियाई जोडी से 11-8, 2-11, 9-11 से हारकर कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
वहीं एक अन्य मुकाबले में दीपिका पल्लीकल और हरिंदर पाल सिंह की जोड़ी बुधवार को स्क्वैश मिश्रित युगल स्पर्धा के सेमीफाइनल में हांगकांग के ली या की और वोंग ची हिम को 7-11, 11-7, 11-9 से हराकर फाइनल में पहुंच गयी है।भारतीय जोड़ी ने पहले गेम में 7-11 हराने के बाद जोरदार वापसी की। उन्होंने मिश्रित युगल सेमीफाइनल में हांगकांग की ली का यी और वोंग ची हिम को दूसरे गेम में 11-7 से हराया। दीपिका ने विजयी शॉट लगाते हुए स्कोर को 10-9 करते हुए भारत को मैच प्वाइंट दिलाया।भारत ने मुकाबला 2-1 से अपने नाम करते हुए स्क्वाश मिश्रित युगल स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई। भारत ने हांगकांग को 7-11, 11-7, 11-9 से मात दी।मिश्रित युगल स्क्वैश फाइनल मुकाबला मे कल दीपिका-हरिंदर की जोड़ी स्पर्धा करेगी।



