
सबसे तेज 150 एक दिवसीय विकेट लेने वाले भारतीय स्पिनर बने कुलदीप
भारतीय कप्तान रोहित ने की हार्दिक, कुलदीप की गेंदबाजी की सराहना
कोलंबो : अपनी कातिलाना गेंदबाजी की बदाैलत भारत को आसानी से एशिया कप 2023 के फाइनल में पहुंचने में मदद करने वाले कुलदीप यादव एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे तेज गति से 150 विकेट के आंकड़े को छूने वाले भारतीय स्पिनर बन गए हैं।चाइनामैन गेंदबाज ने मंगलवार को एशिया कप के सुपर फोर मुक़ाबले में श्रीलंका के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की। मैच में कुलदीप ने 9.3 ओवर में 4.52 की इकोनॉमी रेट से 43 रन देकर चार विकेट लिए।
उन्होंने मध्यक्रम के बल्लेबाज सदीरा समरविक्रमा और चैरिथ असलांका के महत्वपूर्ण विकेट लिए। बाद में उन्होंने कासुन राजिथा और मथीशा पथिराना को भी सस्ते में निपटा कर भारत की जीत का मार्ग प्रशस्त कर दिया।अब तक 88 एकदिवसीय मैचों में, कुलदीप के नाम 25.64 की औसत से 150 विकेट हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 6/25 है। उन्होंने एकदिवसीय में भारत के लिए सात बार चार विकेट और दो बार पांच विकेट लिए हैं।वह तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के बाद इस आंकड़े तक पहुंचने वाले दूसरे सबसे तेज भारतीय हैं, जिन्होंने 80 मैचों में 150 विकेट हासिल किए।
साथ ही, कुलदीप इस मुकाम को छूने वाले सबसे तेज भारतीय स्पिनर बन गए हैं।कुलदीप 150 एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय विकेट तक पहुंचने वाले चौथे सबसे तेज स्पिनर हैं, उनसे ऊपर श्रीलंका के अजंता मेंडिस (84 मैच), राशिद खान (80 मैच) और सकलैन मुश्ताक (78 मैच) हैं। चार मैचों में नौ विकेट के साथ, कुलदीप मौजूदा टूर्नामेंट में अग्रणी विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने मौजूदा टूर्नामेंट में सोमवार को पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ भी पांच विकेट लिए थे।
दुनिथ वेल्लालागे श्रीलंका में भविष्य का सबसे बड़ा सितारा: मलिंगा
श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा ने दुनिथ वेल्लालागे को प्रतिभा का धनी बताते हुये कहा कि युवा खिलाड़ी से श्रीलंका क्रिकेट की उम्मीदें बढ़ गयी हैं और वह अगले एक दशक में श्रीलंका के सबसे सफल हरफनमौला खिलाड़ी बनने की राह पर हैं।मंगलवार को एशिया कप में भारत के पांच अहम विकेट चटकाने के साथ बल्लेबाजी से भी क्रिकेट दिग्गजों को प्रभावित करने वाले वेल्लालागे की मलिंगा ने तारीफ करते हुये कहा कि 20 वर्षीय खिलाड़ी की प्रतिभा से वह खासे अभिभूत है। उन्होने कहा “यह कहना उचित है कि श्रीलंका ने आज 12 खिलाड़ियों के साथ खेला। दुनिथ कितना अच्छा था। उनके युवा कंधों पर हरफनमौला कौशल की जिम्मेदारी है। मेरा मानना है कि वह अगले दशक में वनडे में श्रीलंका के लिए सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी बनने की राह पर हैं।”
भारतीय कप्तान रोहित ने की हार्दिक, कुलदीप की गेंदबाजी की सराहना
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने मंगलवार को एशिया कप सुपर फोर मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के लिए ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की सराहना की।रोहित शर्मा ने उपकप्तान हार्दिक पंड्या के गेंदबाजी की तारीफ की है। पांच ओवर में 14 रन देकर उन्होंने एक विकेट लिया। रोहित ने हार्दिक की गेंदबाजी को लेकर कहा, “हार्दिक ने पिछले कुछ वर्षों में अपनी गेंदबाजी पर कड़ी मेहनत की है। यह रातोंरात नहीं होता और यह देखना सुखद है। ऐसा लग रहा था जैसे वह हर गेंद पर विकेट ले रहे हों। लक्ष्य बचाना आसान नहीं था क्योंकि अंत में पिच आसान हो गई। हमें एक लाइन पकड़कर बॉलिंग की। मुझे लगता है कि हमने काफी अच्छा प्रदर्शन किया।”
हार्दिक पंडया ने अपनी गेंदबाज़ी से महीश तीक्ष्णा (2) का विकेट चटकाया जिनका शानदार कैच मिड आन पर स्थानापन्न खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव ने डाइव लगाते हुये लिया।हार्दिक के साथ-साथ कुलदीप ने एक बार फिर चार विकेट लेकर सुर्खियां बटोरीं और वह मोहम्मद शमी के बाद दूसरे सबसे तेज 150 वनडे विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन गए।रोहित ने कुलदीप की सराहना करते हुए कहा, “कुलदीप पिछले एक साल से काफी अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। उन्होंने अपनी लय पर काफी मेहनत की है।”इस जीत के साथ, भारत ने मेजबान श्रीलंका को 41 रनों से हरा कर शानदार ढंग में फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत शुक्रवार को बंगलादेश के खिलाफ एक और मैच खेलेगा।
श्रीलंका को 41 रन से पीट कर भारत एशिया कप के फाइनल में
बेहतरीन गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण की बदौलत भारत ने मंगलवार को एक लो स्कोरिंग मैच में मेजबान श्रीलंका को 41 रनों से हरा कर शान के साथ एशिया कप 2023 के फाइनल में प्रवेश कर लिया।भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुये 49.1 ओवर में 213 रन बनाये जिसके जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 41.3 ओवर के खेल में 172 रन बना कर पवेलियन लौट गयी। भारत की इस जीत में गेंदबाजों के साथ साथ क्षेत्ररक्षण का भी योगदान अहम रहा।
पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट लेने वाले कुलदीप यादव ने श्रीलंका के खिलाफ भी शानदार गेंदबाजी का मुजाहिरा किया और 43 रन देकर चार विकेट लिये वहीं बल्लेबाजी में विफल रहे रवीन्द्र जडेजा ने कप्तान दसून शानका (9) के अलावा धनंजय डिसिल्वा (41) का विकेट लेकर दुनिथ वेल्लालगे (41) के साथ पनप रही खतरनाक साझीदारी को तोड़ा जो अंतत: भारत की जीत का कारक बनी।हार्दिक पंडया ने बीच के ओवरों में अपनी भूमिका का बखूबी निर्वहन किया। उन्होने कंजूसी भरी गेंदबाजी करते हुये महीश थीक्षणा (2) का विकेट चटकाया जिनका शानदार कैच मिड आन पर स्थानापन्न खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव ने डाइव लगाते हुये लिया।
इससे पहले जसप्रीत बुमराह ने पथुम निसंका (6) और कुसल मेंडिस (15) का विकेट चटका कर भारत की उम्मीदों को पंख लगाये।दिमुथ करुणारत्ने (2) को मोहम्मद सिराज ने शुभमन गिल के हाथों कैच आउट कर निपटाया।भारत की जीत के बावजूद श्रीलंका के हरफनमौला दुनिथ वेल्लालगे पूरे मैच में आकर्षण का केंद्र बने। बीस वर्षीय युवा वेल्लालगे ने न सिर्फ पांच अहम विकेट चटका कर भारत की पारी को कम स्कोर पर सीमित करने में महती भूमिका निभायी बल्कि बाद में बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन् करते हुये नाबाद 42 रन बनाये। उन्हे प्लेयर आफ द मैच घोषित किया गया।
इससे पहले दुनिथ वेल्लालगे (40 रन पर पांच विकेट) और चरिथ असलंका (18 रन पर चार विकेट) की घातक फिरकी गेंदबाजी के बीच कप्तान रोहित शर्मा (53),इशान किशन (33) और के एल राहुल (39) की उपयोगी पारियों की मदद से भारत ने 49.1 ओवर के खेल में 213 रन बनाये।आर प्रेमदास स्टेडियम पर टास जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने सधी शुरूआत की। रोहित शर्मा ने शुभमन गिल (19) के साथ पहले 11 ओवर में तेज गति से 80 रन जोड़े। तेज गेंदबाजो की धुनायी होते देख श्रीलंका के कप्तान दसून शनाका ने गेंद स्पिनरों को थमायी जिन्होने निराश नहीं किया।
बीस वर्षीय वेल्लालगे ने सबसे पहले गिल को क्लीन बोल्ड आउट कर चलता किया जबकि अपने अगले ओवर में उन्होने विराट कोहली (3) को मिड विकेट पर कैच करा कर भारत को सबसे बड़ा झटका दिया।भारतीयों के लिये खतरनाक बन चुके वेल्लालगे यहीं नहीं थमे और उन्होने रोहित शर्मा की गुल्लियां उड़ा कर विपक्षी टीम को बैकफुट पर ला दिया। मात्र 11 रनों के अंतर पर तीन अहम विकेट गंवाने के बाद इशान किशन और केएल राहुल ने धैर्य का परिचय देते हुये स्कोरबोर्ड को आगे चलाना शुरू किया। दोनाे खिलाडियों ने चौथे विकेट के लिये महत्वपूर्ण 63 रन जोड़े मगर इस बीच राहुल वेल्लालगे की एक गेंद पर रिवर्स कैच थमा बैठे।
हार्दिक पंड्या (5) और रवीन्द्र जडेजा (4) चरिथ असलंका के शिकार बने। उनके सस्ते में आउट होने से टीम पर फिर संकट के बादल मंडराने लगे। बुमराह (5) और कुलदीप यादव (0) के आउट होने के बाद भारतीय पारी के 200 रनों के भीतर सिमटने की संभावना प्रबल हो चुकी थी मगर आखिरी बल्लेबाज के तौर पर क्रीज पर उतरे मोहम्मद सिराज (5 नाबाद) ने अक्षर पटेल (26) का भरपूर साथ निभाते हुये स्कोर को 213 रनों तक पहुंचाने मे सफलता हासिल की।
वेल्लालगे के अलावा असलंका श्रीलंका की ओर से सर्वाधिक प्रभावी गेंदबाज बने जिन्होने नौ ओवरों में मात्र 18 रन खर्च कर चार विकेट अपनी झोली में डाले और स्पिन के खिलाफ भारत की मजबूत बल्लेबाजी को बौना साबित कर दिया।(वार्ता)



