कड़ी सुरक्षा के बीच अमरनाथ यात्रा प्रारंभ,4,416 अमरनाथ यात्रियों का दूसरा जत्था रवाना
अमरनाथ यात्रा के लिए 24 घंटे बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का इंतजामःसेना
श्रीनगर : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में कड़ी सुरक्षा के बीच अमरनाथ तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को शनिवार सुबह अनंतनाग जिले के पहलगाम ट्रैक और गांदरबल जिले के बालटाल मार्ग से एक साथ पवित्र गुफा के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि इस साल 62 दिवसीय यात्रा 31 अगस्त को समाप्त होगी।आज तड़के ‘हर हर महादेव’ और ‘जय बाबा बर्फानी’ के जयकारों के बीच तीर्थयात्री पहलगाम में नुनवान आधार शिविर और गांदरबल में बालटाल आधार शिविर से रवाना हुए।केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में स्थित श्री अमरनाथ गुफा मंदिर की यात्रा को लेकर सेना ने कहा कि इस वर्ष घटना मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, नवीनतम रात्रि दृष्टि उपकरणों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, तीर्थयात्रियों को पहलगाम अक्ष के नोडल अधिकारी पीयूष सिंगला ने नुनवान से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और बालटाल आधार शिविर से यात्रियों को बालटाल अक्ष के नोडल अधिकारी राघव लंगर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान संबंधित उपायुक्त, वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।उन्होंने कहा कि 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए उत्साहित श्रद्धालु अभय होकर आगे बढ़ रहे हैं। इस गुफा को भगवान शिव के सबसे पवित्र स्थानों में से एक माना जाता है। अमरनाथ गुफा तक केवल पैदल या टट्टू द्वारा ही पहुंचा जा सकता है।
अधिकारियों ने कहा कि शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। जम्मू-कश्मीर सरकार ने यात्रा मार्ग को सुरक्षित करने के लिए पुलिस, सेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को तैनात किया है। शांतिपूर्ण यात्रा के लिए सुरक्षाकर्मियों की तैतानी के अलावा, प्रौद्योगिकी का भी बड़े पैमाने पर उपयोग किया गया है।एक सुरक्षा अधिकारी ने कहा, “हमने हवाई निगरानी के लिए ड्रोन लगाए हैं और तीर्थयात्रियों पर नज़र रखने के लिए उन्हें आरएफआईडी (रेडियो फ्रीक्वेंसी पहचान) के साथ टैग भी किया है।”लखनऊ निवासी एक महिला तीर्थयात्री ने कहा, ” अच्छा अनुभव मिल रहा है और सुरक्षा बल हमारा पूरा समर्थन कर रहे है।”
जम्मू आधार शिविर से 4,416 अमरनाथ यात्रियों का दूसरा जत्था रवाना
केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर से 4,416 तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था शनिवार को यहां भगवती नगर यात्री निवास आधार शिविर से श्री अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए रवाना हुआ।अधिकारियों ने बताया कि ‘बम बम भोले’ का उच्चारण करते हुए तीर्थयात्री 186 वाहनों के काफिले में आधार शिविर से बालटाल और पहलगाम मार्गों के लिए रवाना हुए।अधिकारी के अनुसार, 1,683 तीर्थयात्री में से 1,314 पुरुष, 306 महिलाएं, 14 बच्चे, 44 साधु और पांच साध्वियां शामिल हैं। बालटाल शिविर के लिए 92 वाहनों में श्रद्धालु रवाना हुए।पहलगाम शिविर के लिए 2,173 पुरुषों, 310 महिलाओं, आठ बच्चों, 227 साधुओं और 22 साध्वियों सहित 2733 तीर्थयात्री 94 वाहनों में रवाना हुए।जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को यहां से अमरनाथ यात्रा तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच काफिले को आगे बढ़ाया जा रहा है।(वार्ता)
Chaired a review meeting on Control Room operations set up at Raj Bhawan for Shri Amarnath Ji Yatra. Interacted with the officers of the Control Room and appreciated the exemplary work done by the team. pic.twitter.com/FaeVwE0heP
— Office of LG J&K (@OfficeOfLGJandK) July 1, 2023



