Varanasi

‘आयुर्वेद सिर्फ इलाज नहीं, जीवन जीने की कला है’: काशी में ‘दयालु’ ने फूड फेस्टिवल का किया उद्घाटन

वाराणसी में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में आयुर्वेद फूड फेस्टिवल का आयोजन हुआ। आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और ‘स्वस्थ मंजरी’ समेत तीन पुस्तकों का विमोचन किया। उन्होंने आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। इसी दौरान शिवपुर की कुंदन नगर कॉलोनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से 17.55 लाख रुपये की लागत वाली सड़क का शिलान्यास भी किया गया।

वाराणसी : राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, वाराणसी में मंगलवार को 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने महाविद्यालय परिसर में मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। इसके बाद उन्होंने आयुर्वेद फूड फेस्टिवल का उद्घाटन किया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य एवं अधीक्षक डॉ. डी.के. मौर्य के निर्देशन तथा 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के नोडल अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में हुआ।

फूड फेस्टिवल में आयुर्वेद आधारित विभिन्न स्वास्थ्यवर्धक एवं पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। इनमें आलूकामृत, पंचामृत पानक, चिंचा पानक, कूष्माण्ड मोदक, मधुर मक्का, अमृत मुद्ग, अग्निअमृत भेल और सात्विक इडली सहित अनेक आयुर्वेदसम्मत व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहे। फेस्टिवल के माध्यम से संतुलित, पौष्टिक और आयुर्वेद के अनुरूप आहार के महत्व को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। यह केवल रोगों के उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की संपूर्ण जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया प्राकृतिक एवं संतुलित जीवनशैली की ओर आकर्षित हो रही है। ऐसे समय में आयुर्वेद की उपयोगिता और प्रासंगिकता और अधिक बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि आयुर्वेद को अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों तक सीमित रखने के बजाय जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। स्वस्थ खान-पान, उचित दिनचर्या, योग, प्राकृतिक जीवनशैली और आयुर्वेद के सिद्धांतों को अपनाकर व्यक्ति अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक बन सकता है। मंत्री ने छात्र-छात्राओं का आह्वान करते हुए कहा कि आयुर्वेद के विद्यार्थी इस महान चिकित्सा परंपरा के भावी वाहक हैं। आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आयुर्वेद के ज्ञान को समाज तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने शोध, नवाचार और जनजागरूकता के माध्यम से आयुर्वेद को अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने पर जोर दिया।

इसके बाद आयुष मंत्री धन्वंतरि भवन पहुंचे। यहां उन्होंने 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के महत्व पर छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए आयुर्वेद की उपयोगिता, स्वस्थ जीवनशैली और जनस्वास्थ्य में आयुर्वेद की भूमिका पर प्रकाश डाला।

‘स्वस्थ मंजरी’ समेत तीन पुस्तकों का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज, वाराणसी की पत्रिका ‘स्वस्थ मंजरी’ का विमोचन किया। इसके साथ ही प्रो. डॉ. संजय कुमार पाण्डेय की पुस्तक तथा डॉ. शिप्रा की नवीन पुस्तक का भी विमोचन किया गया।

आयुष मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर प्रदेश में आयुर्वेद के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन्हीं कार्यक्रमों के क्रम में 23 सितंबर 2026 को आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ लखनऊ के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना होंगे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. नितिन शर्मा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मनीष मिश्रा ने किया। इस अवसर पर डॉ. डी.के. मौर्य, प्रो. मनोहर राम, डॉ. संजय प्रकाश, डॉ. धनंजय कुमार, डॉ. ऋचा पाठक, डॉ. अरुण दत्त राजौरिया, डॉ. अवधेश सरोज, डॉ. चंद्रभान सिंह सहित महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के चिकित्सक, अधिकारी, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ।

आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच किया भूमि पूजन

काशी के सांसद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि योजना (वर्ष 2025-26) के अंतर्गत शिवपुर वार्ड स्थित 3-कुंदन नगर कॉलोनी में सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास प्रदेश के आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया।

शिलापट्ट पर अंकित विवरण के अनुसार प्रस्तावित सड़क का निर्माण सत्येंद्र गौतम के मकान संख्या 16/27 के-63 से शुरू होकर विवेक पाण्डेय के मकान से होते हुए नीतू शुक्ला के मकान तक किया जाएगा। सड़क निर्माण की स्वीकृत लागत 17.55 लाख रुपये है। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, प्रखंड-वाराणसी है।

शिलान्यास के अवसर पर आयुष मंत्री ने नारियल फोड़कर, कुमकुम-तिलक कर एवं विधिवत पूजन के बाद शिलापट्टिका का अनावरण किया। स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति के लिए काशी के सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि “काशी के सांसद के रूप में प्रधानमंत्री मोदी जी का संकल्प है कि काशी की हर गली और हर कॉलोनी चमके। यह सड़क शिवपुर की जनता की लंबे समय से मांग थी। 17.55 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा प्रदान करेगी। मोदी जी की निधि से काशी में विकास के कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं और हम सब मिलकर काशी को आदर्श सांसद क्षेत्र बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।”

शिलान्यास कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष विवेक पांडेय, भूपेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, आयुष मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी, नितेश मौर्य, उर्मिला शर्मा, रागिनी यादव, अर्चना सेठ, सूरज सेठ, पवन जायसवाल, ऋषभ कपूर, पवन पासी, कुलदीप त्रिपाठी, राजकुमार यादव, विकास झा, डॉ. राम पांडेय, गौतम सहित भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कॉलोनी के नागरिक उपस्थित रहे।

दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर काशी के 31,168 बूथों पर सेवा कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान से होगी शुरुआत

नियुक्ति पाने वालों से पैसे मांगने वाले को जेल में सड़ना पड़ेगा: सीएम योगी

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button