दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर काशी के 31,168 बूथों पर सेवा कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान से होगी शुरुआत
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती 25 सितंबर को भाजपा काशी क्षेत्र में विभिन्न सेवा कार्यक्रमों के साथ मनाई जाएगी। भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि 16 संगठनात्मक जिलों के 337 मंडलों और 31,168 बूथों पर कार्यक्रम होंगे। बूथ स्तर पर स्वच्छता अभियान के बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पार्चन और उनके विचारों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा वृक्षारोपण, अस्पतालों व अनाथालयों में फल वितरण सहित सेवा गतिविधियां होंगी। रोहनिया कार्यालय में संगोष्ठी भी आयोजित होगी।
वाराणसी : एकात्म मानववाद के प्रणेता एवं जनसंघ के अध्यक्ष पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती 25 सितंबर को, भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसके तहत काशी क्षेत्र के सभी 16 संगठनात्मक जिलों के 337 मंडलों और 31,168 बूथों पर भाजपा कार्यकर्ता सेवा गतिविधियों में भाग लेंगे।
यह जानकारी भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने मंगलवार को रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। वे अंत्योदय के विचार के प्रबल समर्थक थे और उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व आज भी कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक है।
अशोक चौरसिया ने कहा कि आजाद भारत की राजनीति और आर्थिक चिंतन को दिशा देने में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘सबका साथ और सबका विकास’ का संकल्प पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
31,168 बूथों पर स्वच्छता अभियान के बाद पुष्पार्चन
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि 25 सितंबर को काशी क्षेत्र के सभी 31,168 बूथों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता अभियान से होगी। इसके बाद कार्यकर्ताओं द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर बूथों पर पुष्पार्चन किया जायेगा और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जयंती के अवसर पर केवल पुष्पांजलि तक कार्यक्रम सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विभिन्न सेवा गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें वृक्षारोपण, अस्पतालों एवं अनाथालयों में फल वितरण सहित अन्य सेवा कार्य शामिल होंगे।
रोहनिया कार्यालय में होगी संगोष्ठी
क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती के अवसर पर रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। संगोष्ठी में वक्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, विचारों और अंत्योदय की अवधारणा पर अपने विचार रखेंगे तथा उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
बैठक का संचालन क्षेत्र उपाध्यक्ष अमित राय ने किया। क्षेत्रीय महामंत्री अनूप जायसवाल ने स्वागत किया तथा क्षेत्रीय महामंत्री विद्याधर तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी,अमित राय, अनूप जायसवाल,डा. उत्तम ओझा, क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, जेपी सिंह,अशोक सिंह, अनिल पांडेय, प्रांजल अग्रहरि और सत्यम तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
नियुक्ति पाने वालों से पैसे मांगने वाले को जेल में सड़ना पड़ेगा: सीएम योगी



