
अयोध्या : देश दुनिया में करोड़ो रामभक्तों का सदियों लंबा इंतजार अगले साल जनवरी में समाप्त हो सकता है जब संत धर्माचार्यो की उपस्थिति में ईष्टदेव रामलला की स्थापना भव्य और दिव्य राम मंदिर में की जायेगी। इस दिशा में मंदिर का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है।भव्य राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियां भी शुरू हो गयी हैं। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रण पत्र भी भेज दिया गया है।
हालांकि पत्र को लेकर पीएमओ कार्यालय से अब तक कोई जवाब नहीं आया है। रामलला की प्रतिमाओं की स्थापना के लिये 22 जनवरी 2024 की तिथि को सर्वोत्तम माना जा रहा है। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन सात दिवसीय हो सकता है। इसके लिए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट दस सदस्यीय समिति का भी गठन कर रहा है। देश के हर मठ-मंदिर में इस दिन अनुष्ठान का आयोजन करने की रूपरेखा बन रही है। प्राण प्रतिष्ठा के लिये ट्रस्ट ने देश के सात ज्योतिषयों से शुभ मुहूर्त निकलवाया है।(वार्ता)



