धान की कीमतों में 143 रु,मूंग की कीमत में 803 रु प्रति क्विंटल वृद्धि
हुड्डा सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक मेट्रो लाइन विस्तार को केन्द्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी
नयी दिल्ली :सरकार ने वर्ष 2023-24 के लिए खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य की बुधवार को घोषणा की जिसके तहत धान सामान्य और धान ग्रेड ए की कीमतों में 143 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की है जबकि मूंग के कीमतों में 803 रुपये, अरहर की कीमतों में 400 रुपये और उड़द की कीमतों में 350 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गयी है। मूंगफली की कीमतों में 527 रुपये प्रति क्विंटल तथा मक्का की कीमताें 128 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गयी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति की हुई बैठक में कृषि मंत्रालय केखरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्यों में वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी।
धान सामान्य का न्यूनतम समर्थन मूल्य में 2022-23 में 2040 रुपये प्रति क्विंटल था जिसे बढ़ाकर 2183 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। धान ग्रेड ए का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2060 प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 2203 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। मक्का की कीमत गत वर्ष 1962 रुपये प्रति क्विंटल था, जिसे बढ़ाकर 2090 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री पीयूष गोयल ने संवाददाता सम्मेलन में मंत्रिमंडल के निर्णय की जानकारी देेते कहा कि हुए वर्ष 2022-23 में मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य 7755 रुपये प्रति क्विंटल था जिसे बढ़ाकर 8558 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।
अरहर दाल की कीमत गत वर्ष 6600 रुपये प्रति क्विंटल था, जिसे बढ़ाकर 7000 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। उड़द की कीमत 6600 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 6950 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है और मूंगफली का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5850 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 6377 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।श्री गोयल ने बताया कि सूरजमुखी का गत वर्ष समर्थन मूल्य 6400 रुपये प्रति क्विंटल था जिसे बढ़ाकर 6760 प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इसी तरह से सोयाबीन पीली का न्यूनतम समर्थन मूल्य 4300 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 4600 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।
ज्वार हाईब्रिड का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2970 रुपये से बढ़ाकर 3180 रुपये प्रति क्विंटल और ज्वार मालदंडी की कीमत 2990 रुपये से बढ़ाकर 3225 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। बाजरा की कीमत 2350 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये और रागी कीमत 3578 रुपये से बढ़ाकर 3846 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। तिल की कीमत 7830 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 8635 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। रामतिल की कीमत 7287 रुपये से बढ़ाकर 7734 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।कपास मध्यम की कीमत 6080 रुपये से बढ़ाकर 6620 रुपये जबकि कपास लंबी की कीमत 6380 रुपये से बढ़ाकर 7020 रुपये कर दी गयी है।श्री गोयल ने कहा कि सरकार के इन प्रयासों से किसानों को लाभकारी मूल्य मिल सकेंगे।
उन्होंने कहा कि दलहन की कीमतों में लगभग 25 प्रतिशत और तिलहन की कीमतों में 30 प्रतिशत की वृद्धि की गयी है।उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि श्री मोदी ने पिछले नौ वर्षों के दौरान महंगाई की कीमतों में नियंत्रण के लिए हर संभव प्रयास किया है और यह नियंत्रित है जबकि दुनिया के कई देशों में यह दर 30 से 40 फीसदी तक हो गयी थी। उन्होंने कहा कि कुछ समय के लिए महंगाई दर 6.5 प्रतिशत से सात प्रतिशत के बीच हो गयी थी जो अब लगभग साढ़े चार फीसदी पर आ गयी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013-14 की तुलना में खाद्यान्न फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद में भारी वृद्धि हुई है।
हुड्डा सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक मेट्रो लाइन विस्तार को केन्द्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने गुरूग्राम में हुड्डा सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक मेट्रो लाइन के विस्तार को मंजूरी दे दी है जिसपर 5452 करोड़ रूपये की लागत आयेगी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी।यह लाइन 28.5 किलो मीटर लंबी होगी और इस पर 27 स्टेशन होंगे तथा यह बसई डिपो के माध्यम से द्वारका एक्सप्रेसवे को भी जोड़ेगी।स्टेन्डर्ड गेज की यह लाइन पूरी तरह एलिवेटिड होगी और बसई गांव के पास इसे डिपो से जोड़ा जायेगा।
यह परियोजना मंजूरी के बाद चार वर्ष के समय में पूरी की जायेगी और इसका क्रियान्वयन एक विशेष उपक्रम ‘हरियाणा मास रेपिड ट्रांजिट ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन’ द्वारा किया जायेगा। इस उपक्रम में केन्द्र सरकार तथा हरियाणा की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी।इस लाइन के माध्यम से नये ग्रुरूग्राम को पुराने ग्रुरूग्राम से जोड़ा जायेगा। इसके अगले चरण में इसे इंदिरा गांधी हवाई अड्डे से जोड़ा जायेगा।
इस पर बनाये जाने वाले स्टेशनों में हुड्डा सिटी सेंटर , सेक्टर 45 , साइबर पार्क , सेक्टर 47, सुभाष चौक , सेक्टर 48, सेक्टर 72 ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज 6, सेक्टर 10, सेक्टर 37, बसई गांव, सेक्टर 9, सेक्टर 7, सेक्टर 4, सेक्टर 5, अशोक विहार , सेक्टर 3, बझगेड़ा गांव, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार सेक्टर 23 ए, सेक्टर 22, उद्योग विहार पेज 4, उद्योग विहार फेज 5 और साइबर सिटी शामिल हैं।
बीएसएनएल को मिलेगा 4जी/5जी स्पेक्ट्रम
सरकार ने दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के पुनरुद्धार की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उसे 4जी/5जी स्पेक्ट्रम आवंटन के लिए 89047 करोड़ रुपए का पैकेज देने जी घोषणा की।प्रधाममंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सरकार शेयर निवेश के जरिए बीएसएनएल को ये स्पेक्ट्रम आवंटित करेगी। इसके साथ ही बीएसएनएल की अधिकृत पूंजी 1.5 लाख करोड़ रुपए से बढ़ाकर 2.10 लाख करोड़ रुपए हो जायेगी।इस पुनरुद्धार पैकेज से बीएसएनएल को एक मां स्थिर टेलीकॉम सेवा प्रदाता के रूप में उभरने में मदद मिलेगी।(वार्ता)



