हरहुआ,वाराणसी। शादी के दिन दोस्तों के साथ शराब पीकर स्टेज पर दुल्हन की सहेलियों से छेड़खानी करना दूल्हे व उसके दोस्तों को महंगा पड़ा। दूल्हे के शराब पीने की बात जानने के बाद दुल्हन स्टेज से नीचे उतरी और कमरे में जाकर शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन के शादी से इंकार करने पर देर रात तक पंचायत चलती रही, दूल्हे के परिजनों ने दुल्हन को मनाने की काफी कोशिश की लेकिन दुल्हन शादी के लिए तैयार नहीं हुई। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के आने के बाद भी दुल्हन शादी के लिए राजी नहीं हुई और संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। उसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक की शादी जंसा थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की से तय हुई थी। शादी के लिए हरहुआ में एक लॉन बुक किया गया था। रविवार की शाम बारात धूमधाम से लॉन पहुंची, जहां लड़की पक्ष के लोगों ने उनका स्वागत किया। द्वारपूजा संपन्न होने के बाद दूल्हा स्टेज पर पहुंचा। दूल्हा अपने दोस्तों के साथ स्टेज पर बैठा था, कुछ ही देर में दुल्हन अपनी सहेलियों के साथ स्टेज पर पहुंच गई।
जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था, इसी बीच दूल्हे के दोस्?त दुल्हन की सहेलियों को देखकर छींटाकशी करने लगे। इससे दुल्हन और उसकी सहेलियां नाराज हो गई। इस दौरान लोगों का आभास हुआ कि दूल्हे के दोस्त शराब के नशे में धुत हैं लेकिन लोग शांत रहे। बाद में दूल्हे के गले में वरमाला डालते वक्त दुल्हा लड़खड़ा गया, दुल्हन को एहसास हुआ कि दूल्हा भी नशे में है। दुल्हन के शादी से इंकार कर दिया। दूल्हे के भाई सम्मान की गुहार लगता रहा लेकिन उसकी एक न चली। इस बीच वहां पहुंची पुलिस के सामने दोनों पक्ष के बीच मैराथन पंचायत चली जिसका हल ये निकला कि दोनों पक्षों में शादी में आए खर्च का बंटवारा कर ले।



