
राष्ट्र हित में विपक्षी एकता वक्त की जरूरत : नीतीश
भाजपा को जीरो पर लाने के लिए मिलकर काम करेंगे विपक्षी दल: ममता
लखनऊ : अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों को एकजुट करने की मुहिम पर निकले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को यहां समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद थे।करीब 45 मिनट तक दोनो नेताओं के बीच चली बैठक के बाद श्री कुमार ने पार्टी दफ्तर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुशासन से बचाने के लिये वह ज्यादा से ज्यादा विपक्षी दलों को एक करने का प्रयास कर रहे हैं।
इसी क्रम में आज उनकी सपा अध्यक्ष से बातचीत हुयी है। भाजपा सरकार जनहित और देशहित में कोई काम नहीं कर रही है बल्कि प्रचार प्रसार में लगी है। राष्ट्र हित में इस समय विपक्षी एकता की बहुत जरूरत है।इससे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विपक्षी एकता में भागीदारी का संकेत देते हुये कहा “ भाजपा सरकार में लोकतंत्र और संविधान दोनो संकट में है। भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के चलते मजदूर किसान गरीब वर्ग संकट में है। महंगाई और बेरोजगारी चरम सीमा पर है। भाजपा को हटाने के लिये हम साथ है। भाजपा हटे देश बचे इस मुहिम में हम आपके साथ हैं। ”
श्री कुमार ने कहा कि यदि विपक्षी दल मिल कर काम करेंगे तो देश को भाजपा से मुक्ति मिलेगी। उन्होने आरोप लगाया कि भाजपा देश के इतिहास को बदलने का प्रयास कर रही है। अगले साल होने वाले ख्लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिये सभी विपक्षी दलों का एक होना जरूरी है। इसीलिये वह सबसे बातचीत पहले से ही कर रहे हैं और आगे भी बात करते रहेंगे। उनकी कोशिश है कि सारे दल एक साथ मिल कर लड़े जिससे सभी का फायदा होगा और देश का भला होगा।
जनता दल (यूनाइटेड) अध्यक्ष ने कहा “ जनहित मे सारी पार्टियों को एकजुट करेंगे। सब एक जुट हो जायेंगे तो मिल जुल कर नेता का चुनाव कर लेंगे। हमको नेता नही बनना है। हम सबको सिर्फ एकजुट करने में लगे है। हम बस देशहित में काम करेंगे बाकी अन्य लोग मिल कर सब काम करेंगे। सब मिल कर प्रेम के साथ काम करेंगे तो परिणाम बहुत अच्छा होगा।”बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती से मिलने के सवाल को टालते हुये उन्होने कहा “ अभी तो हम इनसे मिल रहे हैं।”
उत्तर प्रदेश से आत्मीयता का इजहार करते हुये उन्होने कहा “ यूपी से बिहार का संबंध जगजाहिर है और हम समाजवादी लोग हैं। हमारा रिश्ता एक सा है। हमारे गुरू एक है।”लखनऊ में हल्की बारिश के बीच श्री कुमार और श्री तेजस्वी यादव लखनऊ पहुंचे। हवाई अड्डे पर उनकी आगवानी सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव और प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने की। पार्टी कार्यालय पर श्री अखिलेश् यादव ने गर्मजोशी से दोनो नेताओं का स्वागत बुके देकर किया। बाद में उनके बीच एक कमरे में चर्चा शुरू हुयी।
गौरतलब है कि श्री कुमार इससे पहले दिल्ली में आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे से भी मुलाकात कर चुके हैं। सपा ने पहले लोकसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने की बात कही थी।
भाजपा को जीरो पर लाने के लिए मिलकर काम करेंगे विपक्षी दल: ममता
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि विपक्षी दल आगामी आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जीरो पर लाने के लिए मिलकर काम करेंगे।सुश्री बनर्जी ने जनता दल (यूनाइटेड ) नेता एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव के साथ यहां बैठक के बाद संवाददाताओं से यह बात कही। उन्होंने कहा , “ भाजपा एक बड़ी हीरो बन गयी है। हमें उसे जीरो पर लाना होगा। हम सब एक साथ हैं।”
उन्होंने भाजपा पर झूठ और गुंडागर्दी जैसी आपराधिक गतिविधियों का सहारा लेने का आरोप लगाया और कहा, “हम सभी सामूहिक रूप से मिलकर काम करेंगे। यदि विचार, दृष्टि और मिशन स्पष्ट हैं, तो कोई समस्या नहीं होगी।”इस मौके पर श्री कुमार ने कहा कि तीनों नेताओं के बीच बहुत सकारात्मक चर्चा हुई और वे आने वाले चुनावों से पहले सभी तैयारियां कर लेंगे। उन्होंने जोर दिया कि केंद्र की मौजूदा सरकार के पास अपने प्रचार के अलावा कुछ नहीं है और देश के विकास के लिए कुछ भी नहीं किया जा रहा है।
गौरतलब है कि श्री कुमार आगामी आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ अधिक से अधिक विपक्षी दलों को राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट करने की अपनी योजना को आगे बढ़ाते हुए सुश्री बनर्जी से मुलाकात करने आज यहां पहुंचे। वह अपने मिशन-2024 के तहत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित कई शीर्ष विपक्षी नेताओं से पहले ही मिल चुके हैं।
इससे पहले समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने भी सुश्री बनर्जी से मुलाकात का देश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की है। इसी क्रम में सुश्री बनर्जी ने कुछ दिन पहले अपने ओडिशा दौरे में बीजू जनता दल प्रमुख एवं मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात की थी। उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के साथ आने वाले चुनावों में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के खिलाफ ज्यादा से ज्यादा संख्या में विपक्षी दलों की एकजुटता सुनिश्चित करने की संभावनाओं को लेकर चर्चा की है।(वार्ता)
#WATCH सबके एकजुट होने के बाद नेता चुना जाएगा। मुझे नहीं बनना(प्रधानमंत्री) है मैं बस सबको एकजुट कर रहा हूं, अपने लिए मुझे कुछ नहीं चाहिए: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लखनऊ pic.twitter.com/uLNvFyqIH2
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 24, 2023



