
श्रीनगर : रमजान के पवित्र महीने में श्रीनगर के पुराने इलाके में रात के अंधेरे में ढोल की थाप और कुरान की आयतों का पाठ किया जाता है ताकि लोगों को सहरी या भोर से पहले भोजन के लिए जगाया जा सके। अत्याधुनिक सविधाओं के बावजूद वास्तव में लोग ‘सहरी’ से पहले ‘सहर खान’ की पारंपरिक ढोल बजने का इंतजार करते हैं क्योंकि रोजा खोलने से पूर्व खाने-पीने का यही समय होता है।‘
सहर खान’ हैं 25 वर्षीय मोहम्मद शकूर जो पारंपरिक ढोल बजाते हैं, ‘वक्त-ए-सहर (सुबह के भोजन का समय)’ का जाप करते हैं, ताकि लोगों को दिन का उपवास रखने के लिए जगाया जा सके।लोकप्रिय रूप से लोगों को ‘सहरी’ के लिए जगाने वालों को ‘सहर खान’ के रूप में जाना जाता है। सीमावर्ती कुपवाड़ा जिले के कलारोज के निवासी शकूर, अपने साथी ग्रामीण राय इम्तियाज के साथ पिछले बीस साल से ढोल बजाकर लोगों को सहर की याद दिला रहे हैं।ढोल पीटने के दौरान आवारा कुत्तों के हमले से बचने के लिए इम्तियाज एक लंबी बड़ी बांस की छड़ी रखते हैं ।रमजान के महीनों के दौरान रोजाना दोनों तड़के तीन बजे सफाकदल, हफ्त्यारबल, ज़ादी मस्जिद, चाय दूब, पोशवाला के लोगों को जगाने के लिए अपनी यात्रा शुरू करते हैं।
रमजान के दौरान लगभग तीन किलोमीटर पैदल चलकर श्रीनगर शहर के कई अन्य इलाकों को भी कवर करते हैं।लोगों का तो यह भी मानना है कि ‘सहर खान’ की रात में लोगों को ‘सहरी’ के लिए जगाने की परंपरा उतनी ही पुरानी है जितनी कि घाटी में इस्लाम का आगमन का।शकूर ने कहा,“हम इस काम को रमजान के महीने में खुशी-खुशी कर रहे हैं ताकि सर्वशक्तिमान अल्लाह से पुरस्कार अर्जित कर सकें।”उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि महीने के अंत में लोग हमें जो कुछ भी पसंद करते हैं उसका भुगतान करते हैं जिससे हमें अपने पारिवारिक मामलों को संभालने में बहुत मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि यह हमें इस महीने के दौरान विशेष प्रार्थना ‘तरावे या तरावी’ सहित सभी प्रार्थनाओं को समय पर करने में मदद करता है।
उन्होंने कहा,“पहले हम लोगों को जगाने के लिए रात के एक बजे के आसपास निकल रहे थे क्योंकि आवाज देने के लिए बहुत सारे क्षेत्र को कवर करना पड़ता था लेकिन इस साल टाइम टेबल में बदलाव किया गया है क्योंकि सहरी के समय में बदलाव हुआ है।”शकूर ने कहा, “पिछले कई वर्षों के दौरान हमें इस काम के लिए पुलिस से अनुमति लेनी पड़ी क्योंकि इस समय स्थिति इतनी अच्छी नहीं थी। अब मस्जिद के अध्यक्ष हमें ‘सहरी’ जागरण कॉल की अनुमति देते हैं।”शकूर ने कहा कि बहुत सारे आवारा कुत्ते हैं जो भौंकने लगते हैं और हमें काटने की कोशिश करते हैं लेकिन हम सुरक्षा के लिए बांस की छड़ी रखते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरफ से कोई खतरा नहीं है।
उन्होंने कहा कि हम अपनी आजीविका कमाने के लिए वर्ष के दूसरे दिनों के दौरान श्रम कार्य करते हैं।कुछ ‘सहर खान’ मुख्य रूप से मौद्रिक लाभ के लिए यह काम करते हैं, वहीं कई अन्य हैं जो इस काम को पुरस्कार अर्जित करने के लिए करते हैं। वहीं कई युवाओं ने ‘सहर खान’ के महत्व और परंपरा को कम आंकना शुरू कर दिया है क्योंकि उनका कहना है कि तकनीक ने ‘सहर खान’ परंपरा को अप्रचलित बना दिया है क्योंकि घरों में सेल फोन, अलार्म घड़ी और रेडियो जैसे आधुनिक गैजेट उपलब्ध हैं।श्रीनगर के एक नौजवान अशरफ कहते हैं,“मुझे नहीं लगता कि इन दिनों ‘सहर खान’ की कोई ज़रूरत है, जब मेरे सेल फोन पर अलार्म बजता है।”
यह विचार अन्य लोगों द्वारा साझा नहीं किया गया है, विशेष रूप से बड़े समुदाय जो इस परंपरा को महसूस करते हैं और चाहते हैं कि यह परंपरा आगे भी जारी रहना चाहिए।श्रीनगर के हवल निवासी 51 वर्षीय खुर्शीद अहमद कहते हैं,“यह हमारी संस्कृति का हिस्सा है। यह मुझे अपने बचपन के दिनों में वापस ले जाता है जब मैं ढोल की थाप सुनकर खुश हो जाता था।”एक बुजुर्ग व्यक्ति अब्दुल सत्तार ने कहा कि अतीत में ‘सहर खान’ के ढोल की थाप लोगों को रमजान के दौरान पूर्व-भोजन लेने के लिए जागृत करने का एकमात्र साधन थी।कई ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में ‘सहर खान’ अभी भी स्वेच्छा से इस पारंपरिक सेवा को कर रहे हैं और सामान्य रूप से समुदाय के सदस्यों द्वारा पसंद भी किए जा रहे हैं।(वार्ता)



