
दिल्ली । राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द किए जाने के खिलाफ कांग्रेस रविवार को राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन कर रही है। पार्टी कार्यकर्ता सभी जिला मुख्यालयों में एक दिन का सत्याग्रह कर रहे हैं। इस बीच, खबर है कि दिल्ली पुलिस ने राजघाट पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। इसके बावजूद कांग्रेस नेता जुट रहे हैं।दिल्ली पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में धारा 144 लागू है और कानून व्यवस्था के साथ ही ट्रैफिक को देखते हुए प्रदर्शन की अनुमति नही दी गई है। इस बीच, कांग्रेस नेता राजघाट पहुंचने लगे हैं।
राहुल गांधी ने संसद सदस्यता रद्द होने के बाद अपना ट्विटर अकाउंट बायो अपडेट कर लिया। उन्होंने खुद को डिस्क्वालिफाई एमपी लिखा।इससे पहले शनिवार को भी कांग्रेसियों ने इस मुद्दे पर दिनभर हंगामा किया। राहुल के अपने संसदीय क्षेत्र केरल के वायनाड समेत बंगाल, महाराष्ट्र और असम में प्रदर्शन किए गए।कांग्रेसियों ने भाजपा पर बदले की राजनीति करने और लोकतंत्र को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ नारेबाजी की।वायनाड में प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंका और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।विधायक टी सिद्दीकी सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने विरोध मार्च निकला।
पुलिस ने बलपूर्वक उन्हें वहां से हटाया और उन्हें उनकी बसों तक पहुंचाया।बंगाल के मुर्शिदाबाद, बर्धमान पूर्व, बर्धमान पश्चिम और जलपाईगुड़ी सहित कई अन्य जिलों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन किए।महाराष्ट्र में विधानसभा सहित कई स्थानों पर कांग्रेस और महाविकास आघाड़ी की ओर से प्रदर्शन किए गए। विधानभवन की सीढ़ियों पर महाविकास आघाड़ी के सदस्यों ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर मूक प्रदर्शन किया।पुणे में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एमजी रोड पर प्रदर्शन करते हुए भाजपा एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध नारेबाजी की। पुणे कांग्रेस के नगर अध्यक्ष अरविंद शिंदे ने कहा कि चूंकि राहुल गांधी लोगों की आवाज बन रहे थे, इसलिए केंद्र सरकार के इशारे पर उनकी सदस्यता रद्द की गई है।(वीएनएस)



