पटना : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आज कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह कर्नाटक विधानसभा चुनाव में लाभ पाने के उद्देश्य से श्री राहुल गांधी को मानहानि के मामले में अदालत से दो साल के कारावास की सजा के बाद लोकसभा की सदस्यता समाप्त होने के मामले को “विक्टिम कार्ड” के तौर पर खेलने की कोशिश कर रही है ।
श्री प्रसाद ने शनिवार को यहां भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सूरत की अदालत ने मानहानि के एक मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दो साल की कैद की सजा सुनाई थी, लेकिन देश के शीर्ष वकीलों से संचालित उनकी पार्टी ने उच्च न्यायालय से इस फैसले पर रोक लगाने का कोई प्रयास नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह एक मिलियन डॉलर का सवाल है कि इतने सारे शीर्ष वकीलों वाली कांग्रेस ने उच्च न्यायालय से श्री राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाने का कोई प्रयास क्यों नहीं किया।
भाजपा नेता ने कहा, “ऐसा प्रतीत होता है कि कांग्रेस कर्नाटक विधानसभा चुनाव में चुनावी लाभ पाने के लिए श्री राहुल गांधी के लिए पीड़ित कार्ड खेलने की कोशिश कर रही है । दूसरी तरफ ऐसा लगता है कि कांग्रेस के कुछ नेताओं ने श्री राहुल गांधी को दरकिनार करने के लिए उनके खिलाफ साजिश की है और इसी मकसद से उन्हें बचाने का प्रयास नहीं किया गया ।(वार्ता)



