Politics

राहुल की सदस्यता रद्द करने के खिलाफ लड़ेंगे कानूनी लड़ाई : कांग्रेस

नयी दिल्ली : कांग्रेस ने पार्टी नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म करने को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार का जल्दबाजी में उठाया गया कदम बताते हुए फैसले को लोकतंत्र की हत्या करार दिया और कहा कि पार्टी इसके खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेगी।कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि श्री गांधी सच बोलते हैं और निडर होकर सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखते हैं जिसे सरकार स्वीकार नहीं कर पा रही है और उनके खिलाफ कार्यवाही की जा रही है।

उन्होंने कहा कि श्री गांधी ने विदेश में अपनी बात रखते हैं तो यहां संसद में उनको घेरा जाता है। उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का मामला लाया जाता है। भाजपा सरकार लोकतांत्रिक तरीके से काम नहीं कर रही है और संसद में हंगामा कर श्री गांधी से माफी मांगने की मांग की जा रही है।प्रवक्ता ने कहा कि श्री गांधी के मामले में सरकार जल्दबाजी में है इसलिए लगातार गलतियां कर रही है और जब जल्दबाजी में काम होते हैं तो गलती पर गलती शुरु हो जाती है। उनका कहना था कि मामला कर्नाटक के कोल्लार का है लेकिन मामले की शिकायत दूसरी जगह की जाती है और यहीं पर यह कदम कानूनी तरीके से गलत साबित हो जाता है। अगर ऐसा होता है तो क़ानूफ की धारा 202 के तहत मामले की छानबीन करनी पड़ती है लेकिन इस मामले में इस तरह का कोई कदम नहीं उठाया गया है।

श्री सिंघवी ने कहा कि कांग्रेस नेता पर यह मामला 2019 का है और 2021 में वह इस संबंध में वह मजिस्ट्रेट के सामने पेश होते हैं। कमाल यह है कि मामले को पहले जो मजिस्ट्रेट देख रहा था धीरे धीरे चला लेकिन जैसे ही उनका स्थानांतरण हुआ और जैसे ही नया मजिस्ट्रेट आया तो इस मामले के निपटान में तेजी लाई गई जो कानूनी तरीके से भी सही नहीं है।उन्होंने कहा कि श्री गांधी के मामले में गैर कानूनी कदम उठाया गया है। सरकार ने सिर्फ श्री गांधी की आवाज दबाने के लिए यह एक तरीका निकाला है और जल्दबाजी की जा रही है लेकिन जब कानूनी मामले में जल्दबाजी होती है तो फिर गलतियों पर गलतियां होती जाती है। यह मामला कानूनी तरीके से गलत है और कांग्रेस इसके खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेगी।

राहुल की आवाज को कोई दवा नहीं सकता : प्रियंका

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी नेता राहुल गांधी पर की गई कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला करते हुए आज कहा कि श्री गांधी की आवाज बुलंद है तथा सत्तालोभी और तानाशाह के सामने वह कभी झुकने वाले नहीं है।श्रीमती वाड्रा ने श्री मोदी को संबोधित करते हुए ट्वीट किया “ मोदीजी आप मेरे परिवार को परिवारवादी कहते हैं, जान लीजिए, इस परिवार ने भारत के लोकतंत्र को अपने खून से सींचा…जिसे आप ख़त्म करने में लगे हैं। इस परिवार ने भारत की जनता की आवाज़ बुलंद की और पुश्तों से सच्चाई की लड़ाई लड़ी। हमारी रगों में जो खून दौड़ता है उसकी एक ख़ासियत है ,आप जैसे सत्तालोभी तानाशाह के सामने कभी नहीं झुका और कभी नहीं झुकेगा। आप कुछ भी कर लीजिए।”

उन्होंने कहा “मोदीजी आपके चमचों ने एक शहीद प्रधानमंत्री के बेटे को देशद्रोही, मीर जाफ़र कहा। आपके एक मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी का पिता कौन है। कश्मीरी पंडितों का रिवाज निभाते हुए एक बेटा पिता की मृत्यु के बाद पगड़ी पहनता है, अपने परिवार की परंपरा क़ायम रखता है। भरी संसद में आपने पूरे परिवार और कश्मीरी पंडित समाज का अपमान करते हुए पूछा कि वह नेहरू नाम क्यों नहीं रखते लेकिन आपको किसी जज ने दो साल की सज़ा नहीं दी। आपको संसद से डिस्क्वालिफाई नहीं किय।”उन्होंने कहा “राहुल जी ने एक सच्चे देशभक्त की तरह अडानी की लूट पर सवाल उठाया। नीरव मोदी और मेहुल चौकसी पर सवाल उठाया…। क्या आपका मित्र गौतम अडानी देश की संसद और भारत की महान जनता से बड़ा हो गया है कि उसकी लूट पर सवाल उठा तो आप बौखला गए।”

देश के लिए हर कीमत चुकाने को हूं तैयार : राहुल

लोकसभा की सदस्यता रद्द होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया में कहा है कि वह देश की आवाज की लड़ाई लड़ रहे हैं और इसके लिए उन्हें जो भी सजा मिले उसका सामना करने के लिए तैयार हैं।श्री गांधी ने ट्वीट किया “मैं भारत की आवाज़ के लिए लड़ रहा हूं। मैं हर कीमत चुकाने को तैयार हूं।”गौरतलब है कि लोकसभा सचिवालय ने सूरत की एक अदालत के गुरुवार के फैसले के आधार पर आज श्री गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी है जिसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता देशभर में प्रदर्शन कर रहे हैं।इस बीच कांग्रेस ने भी यहाँ पार्टी मुख्यालय में आपात बैठक बुलाई है जिसमें इस संकट से निपटने की रणनीति पर विचार किया जाना है।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button