Politics

राष्ट्रीय कमेटी में के सी त्यागी को नहीं मिली जगह,जद-यू ने दी सफाई

नयी दिल्ली : जनता दल (यूनाइटेड) ने पार्टी की नवगठित राष्ट्रीय कमेटी में पार्टी के वरिष्ठ नेता के सी त्यागी का नाम न होने से मीडिया में लगायी जा रही अटकलों पर बुधवार को स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि श्री त्यागी को उनके अनुरोध पर दायित्व मुक्त किया गया है, पर वह पार्टी के मजबूत स्तम्भ बने रहेंगे।जद (यू) के राष्ट्रीय महासचिव एवं बिहार विधान परिषद के सदस्य आफाक अहमद खान ने बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा,“ नवगठित राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची से हमारे वरिष्ठ पार्टी नेता श्री के सी त्यागी जी को सांगठनिक जिम्मेदारी से मुक्त करने के बारे में मीडिया गलत संदेश प्रसारित करा रहा है। ”

बयान में कहा गया है कि जद (यू) की 10 दिसंबर 2022 को आयोजित राष्ट्रीय परिषद की पिछली बैठक के बाद श्री त्यागी ने पार्टी के सर्वोच्च नेता एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अनुरोध किया था कि उन्हें सांगठनिक दायित्व से मुक्त किया जाए।श्री खान ने बयान में कहा,“ उनके (श्री त्यागी के) बार-बार अनुरोध करने पर पार्टी ने उन्हें सांगठनिक जिम्मेदारी से मुक्त करने पर सहमति जताई। वह हमारे सर्वोच्च नेता नीतीश कुमार जी के साथ पार्टी के मजबूत स्तंभ बने रहेंगे। ”

आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए बिहार में सत्तारूढ़ जद (यू) ने राष्ट्रीय कमेटी और बिहार इकाई के गठन की कल घोषणा की। नए पदाधिकारियों में श्री त्यागी का नाम नहीं है। श्री त्यागी पूर्व कार्यकारिणी में महासचिव थे।पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की ओर से पुनगर्ठित राष्ट्रीय कमेटी में एक उपाध्यक्ष, 22 महासचिव, सात सचिव और एक कोषाध्यक्ष हैं। पूर्व विधायक राजीव रंजन को पार्टी का महासचिव सह प्रवक्ता बनाया गया है।

जदयू की राष्ट्रीय और प्रदेश कमेटी की हुई घोषणा, के. सी. त्यागी को नहीं मिली जगह

आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने राष्ट्रीय कमेटी और बिहार इकाई के गठन की घोषणा कर दी है।जदयू के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार विधान परिषद के सदस्य अफाक अहमद खान ने मंगलवार को पार्टी पदाधिकारियों की सूची जारी करते हुए बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने राष्ट्रीय कमेटी का गठन कर दिया है। इस कमेटी में एक उपाध्यक्ष, 22 महासचिव, 07 सचिव और एक कोषाध्यक्ष हैं।

श्री खान ने बताया कि पूर्व विधायक राजीव रंजन को पार्टी का महासचिव सह प्रवक्ता बनाया गया है। इसके अलावा राज्यसभा सदस्य रामनाथ ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी, बिहार सरकार में मंत्री संजय झा, लोकसभा सदस्य संतोष कुमार कुशवाहा, गिरधारी यादव, चंद्रेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, आर. पी. मंडल, विजय कुमार मांझी, पूर्व केंद्रीय मंत्री दसई चौधरी, पूर्व मंत्री रामसेवक सिंह, भगवान सिंह कुशवाहा, पूर्व सांसद गुलाम रसूल बलियावी, कहकशां परवीन, रामकुमार शर्मा, धनंजय सिंह, पूर्व विधान पार्षद कमर आलम, विधान पार्षद हरिशचंद्र पाटिल, अफाक अहमद, पूर्व विधायक सुनील कुमार उर्फ इंजीनियर सुनील के अलावा हर्षवर्धन सिंह और राज सिंह मान को महासचिव बनाया गया है।

वहीं, विधान पार्षद रविंद्र प्रसाद सिंह और पूर्व विधायक विद्यासागर निषाद के अलावा राजीव रंजन प्रसाद, संजय वर्मा, अनूप पटेल, दयानंद राय और संजय कुमार को सचिव तथा लोकसभा के सदस्य डॉ. आलोक कुमार सुमन को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इस बार की सूची में श्री के. सी. त्यागी का नाम नहीं है । श्री त्यागी ने हालांकि इस बारे में कहा है कि वह 48 वर्ष की राजनीति में लंबे समय तक इस पद पर रहे हैं और उन्होंने ही खुद इस पद की जिम्मेवारी से मुक्त करने का आग्रह किया था ।इस बीच बिहार जदयू के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने भी 251 सदस्यीय प्रदेश पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की है, जिसमें 20 उपाध्यक्ष, 105 महासचिव, 114 सचिव, 11 प्रवक्ता और एक कोषाध्यक्ष बनाये गये हैं।

श्री कुशवाहा ने बताया कि इस कमेटी में जदयू में लंबे समय से पार्टी की एकता और मजबूती के लिए निरंतर कार्य करने वाले अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा साथियों का भी ख्याल रखा गया है। मुख्यमंत्री एवं पार्टी के सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार सभी वर्गो के उत्थान और समान अवसर प्रदान करने के लिए सदैव प्रयासरत रहे हैं और उन्हीं की सोच एवं विचाराधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना पार्टी का उद्देश्य है। इसको ध्यान में रखते हुये कमेटी में समाज के कमजोर वर्ग क्रमशः अनुसूचित जाति, अत्यंत पिछडे़ वर्ग, पिछड़े वर्गों को मजबूत भागीदारी देने के साथ-साथ सवर्णों एवं अल्पसंख्यकों का भी पूरा ख्याल रखा गया है।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा और वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर मेहनतकश पार्टी के साथियों को कार्य करने का मौका दिया गया है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि नई टीम पूरी निष्ठा एवं मजबूती के साथ संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button