जौनपुर : रामचरितमानस पर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान का समर्थन करते हुये पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि जाति धर्म की राजनीति करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जनता को भ्रमित कर समाज में विद्वेष पैदा कर चुनावी लाभ लेना चाहती है।
श्री यादव ने मंगलवार को वाराणसी से लखनऊ जाते समय जौनपुर में नौपेडवा में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रामचरितमानस पर स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि वह खुद शूद्र हैं, धर्म व रामचरितमानस के बारे में ज्यादा कुछ नहीं जानते हैं।उन्होंने कहा कि रामचरितमानस पर स्वामी प्रसाद मौर्य का बयान नितांत व्यक्तिगत है और पार्टी से इसका कोई लेना देना नहीं है।(वार्ता)



