
मुजफ्फरपुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बिहार की जनता को धोखा देने और जनादेश का अपमान करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि राज्य के विकास के लिए यहां विशुद्ध रूप से भाजपा की सरकार बनना जरूरी है।
श्री नड्डा ने मंगलवार को पारू में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा और कहा, “मुझे यह समझ में नहीं आता कि सुशासन बाबू की सरकार में शासन कौन चला रहा है। बिहार की व्यवस्था प्रशासनिक दृष्टि से खत्म हो गई है । केंद्र की मदद के बावजूद बिहार आगे नहीं बढ़ रहा है।” उन्होंने कहा कि बिहार में जंगलराज की वापसी हो गई है। हत्या, अपहरण, रंगदारी और बलात्कार की घटनाएं बढ़ गई है। ऐसी स्थिति में ऊपर से चाहे जितनी भी मदद दी जाए लेकिन यदि नीचे जंगलराज है तो उसका क्या लाभ मिलेगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, “हमलोग (भाजपा नेता) यहां सत्ता भोगने या कुर्सी पर बैठने नहीं आए थे। हम बिहार की जनता की सेवा करने और बिहार की तस्वीर तथा तकदीर बदलने आए थे। बिहार को विकास की ओर ले जाने आए थे।” उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तब उसने बुरी हालत में पड़े पटना के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) इस लायक बनाया कि कोरोना के समय यहीं सबसे ज्यादा लड़ाई लड़ी गई।”(वार्ता)



