State

मुंबई एयरपोर्ट पर एक दिन में 32 करोड़ रुपये का 61 किलो सोना जब्त

मुंबई । सीमा शुल्क विभाग (कस्टम) की टीम ने मुंबई एयरपोर्ट पर एक ही दिन में दो अलग-अलग मामलों में 32 करोड़ रुपये कीमत का 61 किलोग्राम सोना जब्त किया है। कस्टम की टीम ने इन दोनों मामलों में सात यात्रियों को गिरफ्तार किया। इनमें पांच पुरुष और दो महिलाएं हैं। इन्हें मजिस्ट्रेट कोर्ट ने 14 दिनों तक न्यायिक कस्टडी में भेज दिया है।

कस्टम विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि पहले मामले में शुक्रवार को तंजानिया से आये 4 भारतीय यात्रियों की जांच की गई। वे तस्करी के सोने को एक किलोग्राम की सलाखों के रूप में विशेष रूप से डिज़ाइन की गई कमर की बेल्ट में छुपा कर लाये थे। चारों यात्रियों के पास से कुल 28.17 करोड़ रुपये मूल्य का 53 किलोग्राम सोना जब्त किया गया। छानबीन में पता चला कि यह चारों भारतीय यात्री कतर एयरवेज की फ्लाइट से दोहा से पहुंचे थे। इन चारों को दोहा हवाई अड्डे पर एक सूडानी नागरिक ने यूएई निर्मित सोने की सलाखें सौंपी थीं।

इसी तरह शुक्रवार को ही दूसरे मामले में कस्टम विभाग की टीम ने दुबई से मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे तीन यात्रियों (एक पुरुष और दो महिलाएं) से 3.88 करोड़ रुपये मूल्य का आठ किलोग्राम सोना जब्त किया। यह सोना पहनी गई जींस में छिपाकर लाया गया था। इन सातों आरोपितों को शनिवार को मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सातों यात्रियों को 14 दिनों तक न्यायिक कस्टडी में भेज दिया है।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button