State

जनजातीय समाज की महिला का देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचना आजादी का पूर्ण अमृतकालः उपराष्ट्रपति

अहमदाबाद । उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि गुजरात मेें गंगोत्री है, जहां कि बुद्धि और नजर का ही कमाल है जो किसान पुत्र उच्च पद तक पहुंचा। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचना वास्तव में देश की आजादी के अमृतकाल का पूर्णरूपेण अमृत है। उपराष्ट्रपति धनखड़ समस्त राजस्थान-हरियाणा समाज की ओर से सूरत के इंडोर स्टेडियम में गुरुवार को आयोजित अभिवादन एवं स्नेह मिलन समारोह में बोल रहे थे।

उप राष्ट्रपति ने कहा कि सूरत में प्रवासी का परिश्रम से चारों तरफ मिठास घुल रही है। यही परिणाम व्यापार विकास के रूप में सबको मिल रहा है। भगवान बहुत विचार कर एक व्यक्ति को भेजता है जो मन से राष्ट्र सेवा करता है और वो मनुष्य गुजरात से दिल्ली पहुंचा है और दुनिया उसे मान रही है।सूरत के लोगों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के रूप में वे जो मिसाल पेश कर रहे हो वो अद्भुत हर और अनुकरणीय है। उपराष्ट्रपति ने सम्बोधन में मारवाड़ी भाषा का उपयोग किया।

गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि महात्मा गांधी, सरदार पटेल और नरेंद्र मोदी की धरती पर उपराष्ट्रपति का स्वागत है। प्रोटोकॉल से बढ़कर वे सभी का अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं यह उनकी मिलनसारिता को बखूबी प्रकट करता है। जीवन में कभी किसी के बन जाओ, यह दिव्य गुण राजस्थान-हरियाणा के लोगों में है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि तापी मां की यह धरती। विश्व के सबसे हीरा एवं कपड़ा उधोग की नगरी सूरत में सभी धरतीपुत्र उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का स्वागत कर रहे है। वे जहां भी रहे सभी जगह निर्भीकता और ईमानदारी से न्याय के लिए कार्य करते रहे। सूरत मिनी इंडिया के समान है और यहां जो आया उसने दिल लगाकर कार्य किया, व्यापार किया और तरक्की का रास्ता बनाया। गुजरात ने सभी प्रवासियों को अपनापन दिया, सहयोग दिया और उनके प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ाया है। जन्मस्थली और कर्मस्थली दोनों का गौरव बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सबकी है।

उपराष्ट्रपति धनखड़ के पहली बार सूरत आगमन पर उनके सम्मान में गुरुवार देर शाम घोड़दौडऱोड स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में समस्त राजस्थान-हरियाणा समाज की ओर से नागरिक अभिवादन समारोह आयोजित किया गया। समारोह की शुरुआत से अंत तक इंडोर स्टेडियम में मरुभूमि राजस्थान की लोक संस्कृति एवं अपणायत की छटा बिखरती रही। इस अवसर पर आयोजक समाज ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ समेत सभी मेहमानों का स्वागत-सम्मान राजस्थानी परंपरा के मुताबिक किया।

समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अलावा मुख्य रूप से कोटा-बूंदी के सांसद व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया, केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी, पाली के सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री पीपी चौधरी समेत अन्य भी मंच पर मौजूद रहे। इनके अलावा गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, केंद्रीय रेलराज्यमंत्री दर्शना जरदोष समेत अन्य मेहमान मौजूद थे।

समारोह की शुरुआत से ही इंडोर स्टेडियम में राजस्थानी लोक-संस्कृति की छटा बिखेरने के लिए मंच पर लोकगायक प्रकाश माली समेत अन्य कलाकार मौजूद रहे और उन्होंने राजस्थान के लोकदेवता बाबा रामदेव, तेजाजी महाराज, रानी भटियानी माजीसा के भजनों के अलावा वीरप्रसुता राजस्थान के रणबांकुरों की महिमा भी राजस्थानी गीतों के माध्यम से प्रस्तुत की।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button