
उत्तरकाशी/देहरादून : उत्तराखण्ड के उत्तरकाशी-टिहरी जिला की सीमा पर राष्ट्रीय राजमार्ग-94 पर बुधवार को एक वाहन के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने के बाद उसमें आग लग गई। वाहन के चालक सहित सभी छह लोगों की मौत हो गई है।आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आज अपराह्न साढ़े तीन बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 94 पर, चंबा-धरासू मोटर मार्ग, तहसील कंडिसौड़, जनपद टिहरी के कोटी गाड़ के समीप एक बोलेरो कार संख्या यूके-10टीए-0564 अनियंत्रित होकर पैराफिट तोड़ती हुई 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। वाहन के खाई में गिरने के बाद उसमें आग लग गई, जिसे मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह बुझाया।
वाहन में चालक सहित सभी छह लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में चालक के अलावा, अन्य पांच यात्री पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। जो यमुनोत्री दर्शन को जा रहे थे।सूत्रों ने बताया कि अभी तक तीन शव बरामद हुये हैं। जिनकी पहचान चालक आशीष (35) पुत्र प्रेम दास, निवासी-ग्राम मुखवा, पोस्ट हर्षिल, जिला उत्तरकाशी, नीलेश भुनिया (23) पुत्र मदन मोहन, एन-19, श्रीनगर न्यू गेठिया, थाना सुनार पुर, कोलकाता और प्रदीप दास (55) पुत्र गणेश दास, 147 स्याम रोड़, नैथाई, 24-परगना, वेस्ट बंगाल के रूप में हुई है। इन शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। जबकि अन्य तीन शव बुरी तरह जलने के कारण अभी तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है। (वार्ता)



