
पूर्व ब्लाक प्रमुख सुमित्रामणि कन्नौजिया की मृत्यु से शोक की लहर
सेवानिवृत्त डीआईजी व पूर्व विधायक सीएम प्रसाद की धर्मपत्नी थीं सुमित्रामणि ,पति के मौत के चौथे दिन ही अर्धांगिनी ने भी तोड़ा दम ,चार दिन के अंदर दंपति की मौत से परिवार पर टूटा विपत्ति के पहाड़ .
दुद्धी, सोनभद्र। स्थानीय विकास खण्ड का बतौर ब्लाक प्रमुख नेतृत्व कर चुकीं सुमित्रामणि कन्नौजिया का रविवार की भोर 4 बजे मुरादाबाद में निधन हो गया। मूलतः झांसी की निवासिनी सुमित्रामणि कन्नौजिया क्षेत्र के महुली गांव निवासी सेवानिवृत्त पुलिस उपमहानिरीक्षक व पूर्व विधायक सीएम प्रसाद की धर्मपत्नी थीं। 80 के दशक में कांग्रेस के शासनकाल में पूर्व कैबिनेट मंत्री रहीं बेनीबाई की बहन सुमित्रामणि झांसी से ग्रेजुएशन की थीं। मौत का संयोग पति-पत्नी के सफल जीवन व अटूट प्रेम को कुछ इस तरह बयां कर गया कि अभी 4 दिन पूर्व मंगलवार की भोर 4 बजे इनके पति सीएम प्रसाद का निधन हुआ था। 4 दिन बाद ठीक उसी समय 4 बजे भोर में ही पत्नी सुमित्रामणि दुनियां को अलविदा कह दिया।
सुमित्रा मणि की कुल 6 संतानों में 3 लड़के और 3 लड़कियां हैं। इसमें बड़े बेटे स्वतंत्र प्रकाश सीतापुर वह छोटे बेटे राहुल प्रकाश सुल्तानपुर में जज के पद पर कार्यरत हैं, जबकि मझले बेटे चंद्रप्रकाश उर्फ बाबी अपने माता-पिता के साथ ही रहा करते थे।सुमित्रामणि वर्ष 2005 से 2010 तक दुद्धी ब्लाक प्रमुख पद पर रहते हुए स्थानीय विकास खण्ड में कई जनहित की योजनाओं वाले कार्यों को अमलीजामा पहनाया। इनमें मुख्य रूप से ग्रामीण संपर्क मार्ग, हैंडपंप, चेकडैम, बाउली इत्यादि जनहित के कार्य शामिल हैं। सुमित्रामणि की रचनात्मक कार्यों के अलावा खेलों में भी विशेष रुचि थी। 24वें अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट में 13 फरवरी 2011 को स्थानीय टीसीडी क्रीड़ांगन पर पहली बार आयोजित महिला क्रिकेट की मुख्य अतिथि सुमित्रामणि कन्नौजिया थीं। नारी शक्ति के प्रदर्शन से वो जहां बेहद खुश नजर आईं थीं वहीं प्रतिभागी लड़कियों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय प्रशासन से बेहद संजीदा रहने की गहरी अपील की थीं।
ब्लाक प्रमुख के अलावा चूंकि उनके पति सीएम प्रसाद पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी के साथ-साथ उस वक्त विधायक भी थे इसलिए अधिकारी उनके बातों को विशेष तरजीह देते थे। दुद्धी क्रिकेट के सफर का वो स्वर्णिम समय जो अपने दामन में लड़कियों के मैच का शुभारंभ, आईजी, डीआईजी, कमिश्नर आदि सख्शियतों का मुख्य अतिथि के रूप में आगमन, क्रीड़ांगन के बींचो-बीच पक्के पिच का निर्माण, सर्वोच्च इनामी धनराशि, मैन ऑफ द सीरीज खिलाड़ी को ईनाम में हीरो होंडा मोटरसाइकिल आदि कई उपलाधियाँ इस दंपति के कार्यकाल में शुमार हैं।टाउन क्लब के पूर्व अध्यक्ष मु.शमीम अंसारी, सलीम खान, गांधी, सुमित सोनी, महबूब खान, शिवकांत तिवारी, आनंद चौरसिया, महेंद्र सिंह विक्की, विमलेश सिंह, सहित पत्रकार विष्णु अग्रहरि, प्रमोद कुमार, देवेश मोहन, एजाजुल हुदा आदि ने दंपति के निधन पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए इसे दुद्धी क्षेत्र के लिए अपूर्णीय क्षति करार दिया है।



