मेजबान टीम दुद्धी को 3 विकेट से रौंद वाराणसी ने चैंपियनशिप ट्राफी पर किया कब्जा
वाराणसी के संजय बने मैन आफ द मैच और दुद्धी के आलोक शर्मा हुए मैन ऑफ द सीरीज
दुद्धी, सोनभद्र : टाउन क्लब कमेटी के तत्वाधान में स्थानीय टीसीडी क्रीड़ांगन पर चल रहे 36वें अंतरराज्जीय क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच में सुपर स्टार वाराणसी की टीम ने एक संघर्षपूर्ण मुकाबले में मेजबान टीसीडी दुद्धी को 3 विकेटों से पराजित कर, चैंपियनशिप ट्राफी सहित 30 हजार के नकद इनाम पर कब्जा कर लिया।

मैच का टॉस मेजबान टीसीडी दुद्धी के कप्तान रजत राज ने जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में अपने 9 विकेट खोकर 173 रन बनाए। जिसमें आलोक शर्मा ने 5 छक्का व 13 चौकों की मदद से सर्वाधिक 104 रनों की शतकीय पारी खेली। इसके अलावा कप्तान रजत राज ने 1 छक्का दो चौकों की मदद से 17 रन, आकाश सिंह एक-एक छक्का चौका की मदद से 13 रन व राघवेंद्र ने एक छक्का की मदद से 11 रन बनाए।

वाराणसी के गेंदबाजों में संजय ने अपने निर्धारित 4 ओवरों के कोटे में 22 रन देकर तीन विकेट हासिल किया, जबकि आशुतोष ने भी 4 ओवर में 58 रन देकर तीन विकेट हासिल किया। इसके अलावा विकल्प को एक विकेट मिला। बाद में बल्लेबाजी करते हुए वाराणसी की टीम 19.1 ओवर में अपने 7 विकेट खोकर जीत के निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया।

वाराणसी के बल्लेबाजों में संदीप ने 2 छक्का सात चौकों की मदद से सर्वाधिक 49 रनों की पारी खेली। दीपक यादव ने 3 छक्का एक चौका लगाते हुए 42 रन, विक्की ने 2 छक्का एक चौका लगाते हुए 30 रन, संजय ने 4 छक्के की मदद से 31 रनों की नाबाद पारी खेली। दुद्धी के गेंदबाजों में रवि ने अपने निर्धारित 4 ओवरों के कोटे में 36 रन देकर तीन विकेट हासिल किया।

धर्मेंद्र ने 3 ओवर में 31 रन देकर दो विकेट तथा आकाश सिंह ने 3 ओवर में 24 रन देकर एक विकेट हासिल किया। मैच में 3 विकेट हासिल कर 31 नाबाद रनों की पारी खेलने वाले विजेता टीम के खिलाड़ी संजय को मैन आफ द मैच घोषित किया गया। पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मेजबान टीम के खिलाड़ी आलोक शर्मा (271 रन और 4 विकेट) को मैन आफ द टूर्नामेंट घोषित कर नगर के प्रतिष्ठानों द्वारा मुहैया कराए गए करीब 15 हजार रुपये के आकर्षक पुरस्कारों से नवाजा गया।
इसके पूर्व टूर्नामेंट समापन समारोह के मुख्य अतिथि आनंद जी सेवा समर्पण संस्थान कारीडाड़ चपकी एवं विशिष्ट अतिथि हरीराम चेरो का आयोजन कमेटी द्वारा माल्यार्पण कर स्मृति चिन्ह से अभिनन्दन किया गया। समारोह को संबोधित हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि पूर्वजों की कहावत खेलोगे कूदोगे होगे खराब, पढ़ोगे लिखोगे होगे नवाब के कहावत को आज का युवाओं के जोश ने झुठला दिया है। खेल में हमारे होनहार देश का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है। उन्होंने बेहतरीन आयोजन के लिए कमेटी का आभार जताया और यहां का नाम पूरे देश में रोशन करने की शुभकामनाएं दी।
विशिष्ट अतिथि श्री चेरो ने आयोजन समिति एवं खिलाड़ियों को बधाई देते हुए, भविष्य में हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। अध्यक्ष दुद्धी चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि एवं विशिष्ट अतिथि ब्लाक प्रमुख म्योरपुर मान सिंह गोंड़ ने भी पूर्वांचल के ऐतिहासिक टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों समेत आयोजन कमेटी को धन्यवाद ज्ञापित किया।टूर्नामेंट अध्यक्ष सुमीत सोनी ने सबका आभार व्यक्त किया।टूर्नामेंट में सचिव जबी खान समेत टीसीडी के समस्त खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई।संचालन वरिष्ठ खिलाड़ी सुनील जायसवाल ने किया।



